घरों में घुसा पानी तो शख्स 24 घंटे तक पेड़ पर रहा, दूसरे दिन पुलिस ने पहुंचकर बचाया….

घरों में घुसा पानी तो शख्स 24 घंटे तक पेड़ पर रहा, दूसरे दिन पुलिस ने पहुंचकर बचाया….

July 12, 2023 Off By NN Express

नई दिल्ली । दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। यमुना खादर इलाके में पानी घरों में घुस गया है और लोगों को पलायन करना पड़ रहा है। लोग सड़क पर रहने को मजबूर हैं या घर की छतों पर भी दिन-रात गुजार रहे हैं। लेकिन पूर्वी दिल्ली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक शख्स पूरी रात पेड़ पर गुजार दी।

मामला उस्मानपुर पांचवा पुस्ता यमुना खादर इलाके का है। यहां रहने वाला जितेंद्र यमुना का जलस्तर बढ़ने पर मंगलवार रात फंस गया था। जान बचाने के लिए वह 24 घंटे तक पेड़ पर रहा। बुधवार को जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस ने पहुंचकर शख्स को बचाया।

ढाई मीटर से ज्यादा ऊपर बह रही यमुना

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से 2.56 मीटर बह रही है। राजधानी में बुधवार शाम आठ बजे तक यमुना का जलस्तर 207.89 मीटर तक पहुंच गया था। वहीं, शाम छह बजे जलस्तर 207.81 मीटर था। दिल्ली में यमुना के खतरे का निशान 205.33 मीटर है।

रिंग रोड पर पहुंचा पानी

यमुना नदी का पानी उफान पर होने के कारण मोनेस्ट्री और आईएसबीटी (कश्मीरी गेट) के बीच रिंग रोड पर आ गया है। इसी कारण से रोड पर यातायात प्रभावित है। लोगों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस रास्ते से बचने की सलाह दी है। साथ ही दिल्ली पुलिस ने कहा है कि बहुत जरूरी हो तब ही इन रास्तों का उपयोग करें।

टूटा 45 साल का रिकॉर्ड

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 1978 में जब बाढ़ आई थी तो 207.49 रहा था। अब यमुना का जलस्तर काफी आगे निकल चुका है। कुछ देर पहले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का फोन आया है। उन्होंने कहा कि हथनी कुंड बैराज पर पानी रोकने की कोई व्यवस्था नहीं है। हिमाचल से पानी अब कम आ रहा है, मगर जो पानी अभी हिमाचल से आ रहा है वह 24 घंटे तक लगातार बढ़ेगा। इसलिए जलस्तर अभी और बढ़ेगा।”