कुल्लू-मनाली घूमने गया  परिवार लापता, मोबाइल स्विच ऑफ; कई दिनों से नहीं हुआ संपर्क

कुल्लू-मनाली घूमने गया परिवार लापता, मोबाइल स्विच ऑफ; कई दिनों से नहीं हुआ संपर्क

July 11, 2023 Off By NN Express

गुरुग्राम के सूरत नगर में रहने वाले एक परिवार के तीन लोग कुल्लू के सैंज में लापता हो गए। उनके मकान में रहने वाले व्यक्ति की अंतिम बार उनसे बात शनिवार सुबह छह बजे हुई थी। परिवार के लोग कार से छह जुलाई को कुल्लू-मनाली घूमने गए थे। फिलहाल कुल्लू पुलिस परिवार की खोजबीन कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चला है। जिस कार से गए थे, उसका भी नहीं मिली है।

सूरत नगर निवासी 36 वर्षीय पंकज सक्सेना साउंड डीजे का काम करते हैं। वह छह जुलाई को पत्नी ईना भटनागर(34) और छह वर्षीय बेटी दिविषा सक्सेना के साथ कार से कुल्लू-मनाली घूमने गए थे। ईना भटनागर की बहन ग्रेटर फरीदाबाद में रहती हैं।

कई दिनों से नहीं हुआ बात, फोन स्विच ऑफ

उन्होंने मंगलवार सुबह मीडिया को ईना भटनागर और उनके परिवार के लापता होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि उनकी ईना से शुक्रवार रात करीब दस बजे आखिरी बार बात हुई थी, तब वे लोग कांगड़ा के बीर बिलिंग के एक होटल में ठहरे हुए थे। इसके अगले दिन जब उन्होंने फोन मिलाया तो स्विच ऑफ आया।

कुल्लू के सैंज घाटी में मिली अंतिम लोकेशन

उन्होंने कांगड़ा पुलिस से ऑनलाइन संपर्क किया और परिवार के बारे में पूछताछ की। कांगड़ा पुलिस ने ही ऑनलाइन बातचीत के दौरान परिवार की अंतिम लोकेशन कुल्लू के सैंज घाटी की बताई। पुलिस ने कहा कि घाटी में भारी वर्षा होने के बाद संचार के माध्यम ठप हो गए हैं। नेटवर्क नहीं है, इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस परिवार को खोजने में जुटी हुई है।

जाते समय कहा था-आठ जुलाई को आएंगे

पंकज के मकान में रहने वाले व उनके साथ काम करने वाले पीलीभीत के विनोद ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे पंकज ने उन्हें फोन किया था। दस सेकेंड की बातचीत में उन्होंने सेक्टर 56 स्थित क्लब फ्लोरेंस से डीजे सिस्टम हटाने की बात कही।

हालांकि, उन्होंने इस दौरान यह नहीं बताया कि वह कहां पर हैं। इसके बाद विनोद ने पंकज को कई बार फोन किया, लेकिन फोन बंद आया। विनोद ने बताया कि वह 2016 से पंकज के मकान में रह रहे हैं। वहीं 2013 से उनके साथ साउंड डीजे का काम करते हैं। पंकज के माता-पिता की 2021 के मई में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार में तीन लोग ही थे। इससे पहले वे न्यू सुभाष नगर में एक रिश्तेदार के घर रहते थे। 2016 में उन्होंने यहां अपना मकान बनवाया।