Breaking News:  तीन वर्षीय मासूम की दम घुटने से दर्दनाक मौत….

Breaking News: तीन वर्षीय मासूम की दम घुटने से दर्दनाक मौत….

July 7, 2023 Off By NN Express

बलिया I  रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के चिंतामणिपुर गांव में गुरुवार की शाम कार में बंद तीन वर्षीय मासूम की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। हृदय विदारक व दिल दहला देने वाली इस घटना से हर कोई हतप्रभ हो गया।

गांव के सोनू कुमार का पुत्र सत्यम दोपहर लगभग एक बजे खेलते-खेलते कार के अंदर चला गया। इस बीच उसने दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान घरवालों का ध्यान उसकी तरफ नहीं गया। शाम लगभग पांच बजे पड़ोसी गुड्डू ने कार में बच्चे को अचेत देखा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी।

आनन-फानन परिजन उसे रसड़ा अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हैरान कर देनी वाली इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। सत्यम के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।

मन्नतें मांगने के बाद पूरी हुई मुराद, हादसे में बुझ गया चिराग

मृत बच्चे के पिता सोनू कुमार मजदूरी करते हैं। उनका भाई मोनू कार चलाकर जीविकोपार्जन करता है। वह कार दरवाजे पर खड़ी कर घर में चला गया। उसने कार का दरवाजा लाॅक नहीं किया था।

दो बेटियों के पैदा होने के बाद बड़ी मन्नतें मांगने के बाद सत्यम की मां सरिता की मुराद पूरी हुई थी। इस घटना में घर का चिराग बुझ गया। सत्यम की बहनों आठ वर्षीय अलिशा और छह वर्षीय चांदनी की आंखें अपने भाई को खोजती रहीं। स्वजन सहित ग्रामीणों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बातें सतर्कता

वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सतर्कता आवश्यक है। कार में बंद होने पर बच्चे दो से चार घंटे तक संघर्ष कर सकते हैं। ऑक्सीजन की कमी होने पर उत्सर्जित कार्बन डाइऑक्साइड दोबारा ग्रहण करने पर दम फूलने लगता है। कुछ देर बाद सांसें थम जाती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं से बचने के लिए कार रखने वालों को ध्यान रखना चाहिए कि गेट लॉक हों। खिड़की के शीशे थोड़े खुले रखें।