BJP ने 4 राज्यों में चुनाव प्रभारी नियुक्त किए:प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, भूपेन्द्र यादव को MP और ओम माथुर को छत्तीसगढ़ का जिम्मा

BJP ने 4 राज्यों में चुनाव प्रभारी नियुक्त किए:प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, भूपेन्द्र यादव को MP और ओम माथुर को छत्तीसगढ़ का जिम्मा

July 7, 2023 Off By NN Express

भाजपा ने शुक्रवार को राजस्थान और MP समेत 4 राज्यों में चुनाव प्रभारियों की घोषणा की है। प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को मध्य प्रदेश, ओपी माथुर को छत्तीसगढ़ और प्रकाश जावड़ेकर को तेलंगाना का जिम्मा सौंपा गया है।

पार्टी ने इन राज्यों के सह-प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। राजस्थान में जोशी के साथ नितिन पटेल और कुलदीप बिश्नोई को सह प्रभारी बनाया गया है। मध्य प्रदेश में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को सह प्रभारी का जिम्मा दिया गया है।

इसके अलावा तेलंगाना में सुनील बंसल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन चारों राज्यों में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और तेलंगाना में फिलहाल BRS की सरकार है।

ओम माथुर के पिछले रिकार्ड ने दिलाई उन्हें छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी


2018 के चुनाव में जबरदस्त हार का सामना करने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार छत्तीसगढ़ में कोई गलती नहीं करना चाह रही है। इसलिए अमित शाह के दो दिन के दौरे और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर से लौटते ही पहले से ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को चुनाव का भी प्रभारी बना दिया गया। माथुर, मोदी और शाह दोनों के करीबी माने जाते हैं।

सितंबर 2022 को डी पुरंदेश्वरी की जगह ओम माथुर को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभार दिया गया था। इसके बाद से ही माथुर लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। सभी गुटों से मिल रहे हैं। उन्होंने करीब 9 महीने के समय में ही सभी खेमों को साध लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और उनमें तालमेल दिखाई दे रहा है। इसका लाभ भी पार्टी की कुछ जनसभाओं में दिखा जहां सभी नेता एक साथ मंच पर आए और सभा में भी अच्छी भीड़ जुटी।

पिछले प्रभारी अनिल जैन का फेलियर
बताया जाता है कि 2018 के छत्तीसगढ़ चुनाव में प्रदेश से सही फीडबैक दिल्ली को नहीं मिला। चुनाव प्रभारी अनिल जैन दिल्ली में बताते रहे कि यहां पार्टी की स्थिति बहुत अच्छी है, लेकिन जब नतीजे आए तो भारतीय जनता पार्टी को 90 में से महज 15 सीटें मिली थीं। इस नतीजे की समीक्षा में निकलकर आया कि प्रदेश से जो जानकारी केंद्रीय संगठन को मिलनी थी उसमें गैप था। इस बार पार्टी ऐसी कोई गलती नहीं करना चाहती, लिहाजा मोदी और शाह ने अपने विश्वसनीय ओम माथुर को प्रदेश के साथ साथ चुनाव की भी जिम्मेदारी दे दी है।

यूपी और महाराष्ट्र में बड़ी भूमिका में थे माथुर
राजस्थान के दिग्गज नेता ओम माथुर उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी थे। उन्होंने वहां सरकार बनाई। महाराष्ट्र में भी वे पिछले दोनों चुनावों में और अभी शिंदे गुट के साथ गठबंधन में बड़ी भूमिका निभा चुके हैं। उनके इसी रिकार्ड को देखते हुए पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ की कमान भी सौंप दी है।

दो दिन के दौरे पर आए गृहमंत्री अमित शाह और इससे पहले आए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ओम माथुर से अलग से चर्चा की थी। इसमें उन्होंने साफ कहा है कि भारतीय जनता पार्टी को यहां पूरी ताकत से लड़ना होगा, तभी सरकार बनेगी। वे दिल्ली को डेली रिपोर्ट भी कर रहे हैं।