शादी वाले घर में मचा कोहराम….बरात की कार खाई में पलटी, मां-बेटे की मौत, दूल्हा-दुल्हन घायल…..

शादी वाले घर में मचा कोहराम….बरात की कार खाई में पलटी, मां-बेटे की मौत, दूल्हा-दुल्हन घायल…..

June 24, 2023 Off By NN Express

यूपी के जनपद एटा में शनिवार तड़के हादसा घटित हो गया। राजा का रामपुर और कासगंज जनपद की सीमा पर दरियावगंज के निकट दूल्हा-दुल्हन की कार खाई में जा गिरी। यह हादसा शनिवार भोर में चार बजे हुआ। दुर्घटना में कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई। दूल्हा-दुल्हन व दूल्हा की बहन घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मचा है। कार सवार लोग शादी करके मऊ जनपद से लौट रहे थे।

गांव लौट रहे थे बराती, तड़के हुआ हादसा

कासगंज जनपद के थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव गिजौरा से अंकुर की बारात शुक्रवार सुबह मऊ गई थी। शादी के बाद दूल्हा अंकुर और दुल्हन सुमन स्विफ्ट डिजायर कार से अपने गांव लौट रहे थे। शनिवार सुबह चार बजे जब यह कार राजा का रामपुर और कासगंज जनपद की सीमा पर स्थित दरियावगंज रोड पर पहुंची तो चालक को झपकी आ गई और संतुलन बिगड़ने पर गाड़ी खाई में जा गिरी। मौके पर ही कार में सवार 30 वर्षीय मंजू की मौत हो गई। जबकि उनका चार वर्षीय बेटा आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने एटा मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया।

दूल्हा दुल्हन और बहन घायल

दुर्घटना में दूल्हा-दुल्हन और दूल्हा की बहन डाल कुमारी घायल हुई है। कार चालक के भी हल्की चोटें आई। सभी घायलों को तत्काल अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। जहां से घायल आयुष को एटा मेडिकल कालेज भेज दिया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक शेष घायलों के अधिक चोटें नहीं हैं। दुर्घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मचा है। शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं।

सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया सुबह के समय हादसा हुआ है। रास्ते में अधिक ट्रैफिक भी नहीं था। चालक को झपकी आ गई इस कारण दुर्घटना हो गई।