वैगनर चीफ का दावा- रोस्तोव शहर पर कब्जा, मॉस्को में हाई-अलर्ट

वैगनर चीफ का दावा- रोस्तोव शहर पर कब्जा, मॉस्को में हाई-अलर्ट

June 24, 2023 Off By NN Express

दिल्ली 24 जून । रूस ने शनिवार को वैगनर ग्रुप के हेड येवगेनी प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया है। मॉस्को हाई-अलर्ट पर है। राजधानी आने वाले हाईवे को बंद किया गया है। प्रिगोजिन ने दावा किया है कि उनके लड़ाके रूसी सीमा में दाखिल हो चुके हैं और उन्होंने रूस की सेना के एक हेलिकॉप्टर को भी मार गिराया है। राष्ट्रपति पुतिन को घटनाक्रम से जुड़ी सारी डीटेल्स ब्रीफ की जा रही हैं।

अल-जजीरा के मुताबिक, वैगनर ने ये भी दावा किया है कि उनकी आर्मी ने रोस्तोव शहर में कई जगह पर कब्जा कर लिया है। प्रिगोजिन ने कहा है कि जो भी उनके रास्ते में आएगा उसको तबाह कर दिया जाएगा।

रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है। हालांकि, रूस के रक्षा मंत्रालय ने वैगनर ग्रुप पर गलत खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रिगोजिन के सभी दावों को खारिज कर दिया है।

दरअसल, यूक्रेन के बाखमुत में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल हमले के लिए प्रिगोझिन ने क्रेमलिन को दोषी ठहराया था। इस हमलें में कई वैगनर लड़ाकू मारे गए थे। इसके बाद रूस ने प्रिगोजिन पर विद्रोह का आरोप लगाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी। तस्वीर में वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन (बीच में) अपनी सेना के लड़ाकों के साथ नजर आ रहा है।

प्रिगोजिन ने कहा- हम अपनी मातृभूमि के लिए मरने को तैयार

BBC के मुताबिक, प्रिगोजिन ने कहा- हमारे पास 25 हजार लड़ाकों की फौज है। हमने अपना लक्ष्य तय कर रखा है और हम मरने के लिए भी तैयार हैं। हम अपनी मातृभूमि और रूसी नागरिकों के लिए खड़े हैं। उन्हें ऐसे लोगों से मुक्ति मिलनी चाहिए जो आम लोगों की हत्या कर रहे हैं।

अल-जजीरा के रिपोर्ट्स ने बताया कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा- सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में FSB (फेडरल सिक्योरिटी सर्विस) कार्यालयों को खाली कराया जा रहा है। वे रोस्तोव से मॉस्को जाने वाले रास्ते पर हैं।

पुतिन विरोधी नेता बोले- वैगनर का साथ दे रूसी जनता

पुतिन विरोधी नेता मिखाइल खोदोरकोव्स्की ने रूसियों से वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन का समर्थन करने की अपील की है। येवगनी ने मॉस्को के सैन्य नेतृत्व को मिटाने की कसम खाई है। मिखाइल ने कहा- अगर वैगनर ने क्रेमलिन पर कब्जा करने का फैसला किया है तो हमें जरूरत पड़ने पर उनके साथ लड़ना होगा। पुतिन से मतभेद के बाद प्रिगोजिन ने 10 साल जेल में बिताए हैं। अब उसने रूसी राष्ट्रपति के खिलाफ एक्शन लेने का फैसला किया है। ये सिर्फ शुरुआत है।

येवगेनी प्रिगोजिन को कहा जाता था पुतिन का रसोइया

वैगनर ग्रुप के फाउंडर येवगेनी प्रिगोजिन को रूसी राष्ट्रपति पुतिन का रसोईया भी कहा जाता था। वे पहले एक रेस्तरां चलाते थे जहां पुतिन अक्सर खाने के लिए जाया करते थे। वे धीरे-धीरे पुतिन के करीबी सहयोगी बन गए। उन्हें रूसी सरकार से करोड़ों रुपए के कॉन्ट्रैक्ट मिलने लगे।

येवगेनी ही वैगनर ग्रुप को फंड करते हैं। पहले वे इस ग्रुप से अपने संबंधों को नकारते थे, लेकिन 2022 में उन्होंने माना कि वे इससे जुड़े हुए हैं।