दुर्गा पूजा पंडाल में बवाल, महिलाओं से छेड़खानी के आरोप पर जमकर चले लात-घूंसे ; कई जख्मी

दुर्गा पूजा पंडाल में बवाल, महिलाओं से छेड़खानी के आरोप पर जमकर चले लात-घूंसे ; कई जख्मी

October 4, 2022 Off By NN Express

बिहार में एक तरफ दुर्गा पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं, बक्सर से दुर्गा पूजा पंडाल में बवाल की खबर आई है। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गांव में पंडाल के पास बने स्टेज पर चढ़ने को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों पर पंडाल के अंदर महिलाओं और लड़कियों से छेड़खानी का आरोप लगा। इसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जानकारी के मुताबिक छतनवार गांव में पूजा पंडाल में भारी हंगामा हो गया। स्टेज पर चढ़ने के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बाद में आस-पास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। इस घटना को लेकर स्थानीय थाने में कांउटर केस दर्ज कराया गया है। 

एक पक्ष के वीर बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि शनिवार की देर शाम पूजा स्थल के पास आरती हो रही थी, तभी गांव के असामाजिक तत्व के लोग वहां आ धमके और पास में मौजूद महिलाओं एवं लड़कियों से छेड़खानी करने लगे। पूजा समिति के सदस्यों ने विरोध किया तो वे उनसे मारपीट करने लगे। वहीं, दूसरे पक्ष के विवेक कुमार ने आरोप लगाया है कि जब वह स्टेज पर चढ़कर घूम रहा था, तभी पूजा समिति के सदस्य अचानक मारपीट करने लगे, जिससे वह जख्मी हो गया। घटना को लेकर एक पक्ष ने 9 और दूसरे पक्ष ने 14 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।