भारत ने जीता इंटरकॉन्टिनेंटल कप

भारत ने जीता इंटरकॉन्टिनेंटल कप

June 19, 2023 Off By NN Express

भारत ने रविवार को इंटरकॉन्टिनेंटल कप के फाइनल में लेबनान को 2-0 से हराकर दूसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया। कलिंगा स्टेडियम पर 12,000 फुटबॉल प्रेमियों के बीच खेले गये खिताबी मुकाबले में सुनील छेत्री (46वां मिनट) और लल्लियंज़ुआला छांगटे (66वां मिनट) ने भारत के गोल किये। उल्लेखनीय है कि चार टीमों के टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ एक भी गोल नहीं हुआ।

भारत और लेबनान के बीच गुरुवार को खेला गया लीग चरण मुकाबला शून्य गोल पर समाप्त हुआ था। फाइनल के पहले हाफ में भी दोनों में से कोई टीम गेंद को नेट में नहीं पहुंचा सकी। लेबनान पर लगातार दबाव रखने के बावजूद भारत को खाता खोलने के लिये संघर्ष करना पड़ा।

कप्तान छेत्री ने पांचवें मिनट में सहल अब्दुल समद को क्रॉस दिया लेकिन लेबनान के बॉक्स में खड़े सहल इसका फायदा नहीं उठा सके। मैच के 22वें मिनट में लेबनान के कप्तान हसन मातूक भारतीय गोल के पास आये लेकिन उनका खराब निशाना भारत के लिये हानिरहित था। पहले हाफ में गोल पर एक भी निशाना न लगा सकने वाली भारतीय टीम ने दूसरा हाफ शुरू होते ही खाता खोल लिया।

भारत का पहला गोल करने के लिये निखिल पुजारी ने बॉल छांगटे को पास की। छांगटे ने बॉल को ड्रिबल करते हुए छेत्री के पास पहुंचाया, जिन्होंने अपना 87वां गोल दागते हुए भारत को बढ़त दिला दी।