Health Tips: सुबह खाली पेट भूलकर भी न करें इन चीजों का सेवन, भुगतने पड़ सकते हैं गंभीर परिणाम

Health Tips: सुबह खाली पेट भूलकर भी न करें इन चीजों का सेवन, भुगतने पड़ सकते हैं गंभीर परिणाम

June 19, 2023 Off By NN Express

Health Tips: आपने हमेशा से यह सुना होगा कि सेहतमंद रहने के लिए सुबह का नाश्ता बेहद जरूरी होता है। यही वजह है कि बड़े-बुर्जुगों से लेकर डॉक्टर तक लोगों को ब्रेकफास्ट स्किप न करने की सलाह देते हैं। दिनभर खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट और एक्टिव रखने के लिए एक हेल्दी ब्रेकफास्ट बेहद जरूरी है। लेकिन अक्सर नाश्ते में गलत चीजों के सेवन से हमें फायदे की जगह उल्टा नुकसान होने लगता है।

ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि आपको इस बात का पता हो कि सुबह के नाश्ते में किन चीजों का सेवन आपके लिए गुणकारी है और किन चीजों से आपको परहेज करना चाहिए। आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे उन चीजों के बारे में, जिसे सुबह खाली पेट खाने से आपको परहेज करना चाहिए।

चाय और कॉफी

कई लोगों की सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीने की आदत होती है। लेकिन सुबह उठकर खाली पेट चाय-कॉफी पीने से पेट में एसिड की समस्या बढ़ सकती है। इसकी वजह से आपका पेट खराब हो सकता है, जिससे पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए कोशिश करें कि आप सुबह खाली पेट किसी भी तरह की कैफीन युक्त ड्रिंक पीने से बचें, क्योंकि इससे शरीर में कोर्टिसोल का लेवल बढ़ सकता है, जो तनाव बढ़ने का कारण बनता है।

कोल्ड ड्रिंक

सुबह उठकर खाली पेट ठंडे पेय पदार्थों को पीने से भी परहेज करना चाहिए। खासतौर पर गर्मियों के मौसम में अक्सर लोग सुबह उठते ही कुछ ठंडा पी लेते हैं, लेकिन अगर आप सुबह उठते ही खाली पेट कोल्ड ड्रिंक आदि पीते हैं, तो इससे शरीर को तापमान बढ़ाने में काफी मेहनत करनी पड़ती है, जिसकी वजह से ऊर्जा की हानि होने लगती है।

मसालेदार खाना

सुबह के समय खाली पेट मसालेदार खाना खाने से भी बचना चाहिए। इसकी वजह से आपके पेट में दर्द की समस्या हो सकती है। साथ ही आपका पेट भी खराब हो सकता है, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं जैसे अपच और अम्लता आदि हो सकती हैं। इसके अलावा सुबह खाली पेट तला-भुना खाने से भी बचें।

दही

प्रोबायोटिक कैल्शियम से भरपूर दही दांतों के साथ-साथ पूरे शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है। लेकिन अगर आप सुबह खाली पेट दही का सेवन करते हैं, तो इससे पेट में मौजूद एसिड गुड बैक्टीरिया को नष्ट कर देता है। इसलिए सुबह खाली पेट दही खाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह एसिडिटी की वजह बन सकता है।

खट्टे फल

सुबह के समय खाली पेट खट्टे फल भूलकर भी न खाएं। खट्टे स्वाद वाले इन फलों में सिट्रिक एसिड भारी मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में सुबह खाली पेट खट्टे फल खाने से पेट में अतिरिक्त एसिड का उत्पादन बढ़ जाता है, जिससे कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं।