जेल से छूटने के बाद भी लगातार करता रहा जुर्म, डकैती और हत्या के प्रयास के आरोपी को पुलिस ने वृंदावन में पकड़ा

जेल से छूटने के बाद भी लगातार करता रहा जुर्म, डकैती और हत्या के प्रयास के आरोपी को पुलिस ने वृंदावन में पकड़ा

October 2, 2022 Off By NN Express

दिल्ली ,02 अक्टूबर I पुलिस ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा से डकैती और हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित 23 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर निवासी राज राठौर उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पिछले साल नवंबर में सनी ने एक शख्स को चाकू मार दिया था। पुलिस ने तब उसे इस मामले में गिरफ्तार किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह करीब सात महीने जेल में रहा और इस साल जून में जमानत पर रिहा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई को उसने अपने दोस्त अभिषेक और अर्जुन के साथ सराय रोहिल्ला इलाके में एक व्यक्ति (जितेंद्र) को चाकू मार दिया। इस मामले में अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सनी और अर्जुन भागने में कामयाब रहे।

सराफा को भी लूटा
चाकू मारने के बाद सनी के कारनामे खत्म नहीं हुए। 27 जुलाई को सनी ने बबलू नाम के एक व्यक्ति के साथ मिलकर करोल बाग के एक सराफा व्यापारी को बंदूक की नोक पर लूट लिया। सनी ने कुल 4 लाख रुपए और 1.2 किलोग्राम चांदी बंदूक की नोक पर लूट लिया। पुलिस ने बताया कि सनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सनी ने इस लूट के बारे में बताते हुए अपने अपराध को कबूल किया है।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि सनी मथुरा में छिपा हुआ है। वह वृंदावन में था जब पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही उसके बाकी साथियों को भी ढूंढ़ लिया जाएगा।