वन मंडल में विचरण कर रहा 150 हाथियों का दल, सुरक्षा को लेकर विभागीय कवायद जारी

वन मंडल में विचरण कर रहा 150 हाथियों का दल, सुरक्षा को लेकर विभागीय कवायद जारी

June 9, 2023 Off By NN Express

रायगढ़ 09 जून  धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत एक बार फिर हाथियों की संख्या बड़े पैमाने पर बढ़ते हुए नजर आई। कोरबा वन मंडल क्षेत्र की ओर से 62 हाथियों की आमदगी के साथ धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की कुल तादाद 150 हो गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार कोरबा क्षेत्र से 40 व 22 के दो अलग अलग समूह में कुल 62 हाथी आकर धरमजयगढ़ वन मंडल में विचरण कर रहे हैं। 

इसके पहले भी सरहदी क्षेत्रों से हाथियों के मूवमेंट लगातार देखा जाता रहा है। हालांकि काफी समय बाद हाथियों की संख्या में जबरदस्त बढोत्तरी के आंकड़े सामने आए हैं। बीते कुछ समय पहले तक हाथियों की संख्या लगभग स्थिर सी रही और उस बीच हाथियों से नुकसान के मामलों में भी कमी आई। यहां तक कि एक निश्चित अवधि के भीतर हाथियों से नुकसान के प्रकरण नगण्य रहे।

अब हाथियों की संख्या बढ़ने के साथ ही फसल व अन्य नुकसानी के मामले भी सामने आने लगे हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में वन मंडल के धरमजयगढ़ रेंज के कोयलार इलाके में 38, पोटिया जंगल में 18, छाल क्षेत्र के हाटी परिसर में 25, खड़गांव में 22, बेहरामार में व कापू के गिधकालो क्षेत्र में 14 हाथियों के बड़े समूह की मौजूदगी दर्ज की गई है।

इसके अलावा इन्हीं तीन वन परिक्षेत्र के अलग अलग इलाकों में कुछ और हाथी विचरण कर रहे हैं। बहरहाल सरहदी इलाके से बड़ी संख्या में हाथियों के आने के बाद सुरक्षा को लेकर वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में प्रचार प्रसार व मुनादी कराई जा रही है। साथ ही हाथियों के समूहों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।