गैंगरेप और हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

गैंगरेप और हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

June 8, 2023 Off By NN Express

दंतेवाड़ा 08 जून । जिले में 10 दिन बाद गैंगरेप के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पड़ोस के ही दो युवकों ने महिला से गैंगरेप कर उसकी हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि, दोनों आरोपी पिछले कई दिनों से महिला पर बुरी नजर बनाए रखे हुए थे। 29 मई की शाम अकेली पाकर उसके साथ दरिंदगी कर दी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

मामला गीदम ब्लॉक के हाऊरनार ग्राम पंचायत का है। इस गांव के एक पारा की रहने वाली 25 साल की शादीशुदा महिला 29 मई की शाम कुएं से पानी भरने गई हुई थी। उसके घर से कुएं की दूरी महज 500 मीटर है। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह घर लौट रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाले 2 युवक दशाराम भास्कर (25) और मुन्नाराम भास्कर (19) भी उसी तरफ आ रहे थे।

दोनों युवकों ने महिला को अकेली देख मौके का फायदा उठाकर उसके मुंह को बांधकर झाड़ियों की तरफ ले गए। जिसके बाद जबरदस्ती दोनों ने बारी-बारी महिला के साथ दरिंदगी की। फिर किसी को पता न चले इसलिए दोनों ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले थे। जब महिला घर नहीं पहुंची तो उसी रात परिजन उसे ढूंढने निकले थे। जिन्होंने झाड़ियों के पीछे महुआ पेड़ के नीचे से महिला की नग्न हालत में लाश बरामद की थी। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।

एसपी ने ली प्रेस वार्ता

दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय ने बुधवार की देर शाम प्रेस वार्ता लेकर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि, एसडीओपी आशारानी के साथ जवानों की टीम गठित की गई थी। मामले की तस्दीक की जा रही थी। प्राप्त साक्ष्य, मुखबिर से मिली सूचना और टेक्निकल टीम के प्रयासों से पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। दोनों आरोपी महिला के ही पड़ोसी थे। इनमें से एक शराब के नशे में था। दोनों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।