‘राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा का मकसद लोकतंत्र के मूल्यों को बढ़ावा देना’

‘राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा का मकसद लोकतंत्र के मूल्यों को बढ़ावा देना’

May 22, 2023 Off By NN Express

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा कि जून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमेरिका की यात्रा का मकसद ‘वास्तविक लोकतंत्र’ के साझा मूल्यों को बढ़ावा देना है।

राहुल का इस यात्रा के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत करने तथा एक बैठक को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने रविवार को बताया कि राहुल का सैन फ्रांसिस्को, वाशिंगटन और न्यूयॉर्क जाने का कार्यक्रम है, जहां वह भारतीय अमेरिकियों की दो बैठकों को संबोधित कर सकते हैं, संसद भवन में सांसदों और थिंक टैंक के सदस्यों से मुलाकात कर सकते हैं साथ ही विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत कर सकते हैं। इन कार्यक्रमों को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस आयोजित कर रहा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की अमेरिकी यात्रा के मकसद तथा एजेंडा के बारे में ब्योरा देते हुए पित्रोदा ने कहा, ‘‘हम यहां शिकायत करने के लिए नहीं हैं। हम यहां यह साझा करने के लिए हैं कि भारत में क्या चल रहा है। भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम लोगों को जमीनी हकीकत के बारे में बताएं।’’