CG CRIME : दिनदहाड़े मंगलसूत्र की लूट, रास्ता पूछने के बहाने रोका और छीन कर भाग गए दो युवक

CG CRIME : दिनदहाड़े मंगलसूत्र की लूट, रास्ता पूछने के बहाने रोका और छीन कर भाग गए दो युवक

May 18, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर, 18 मई । जिले में बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से दिनदहाड़े सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। महिला अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर पति के साथ लौट रही थी। तभी बाइक सवार युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रोका और गले पर झपट्‌टा मारकर मंगलसूत्र छीन कर भाग गए। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। इससे पहले भी लूट की इसी तरह की दो घटनाएं हो चुकी है। लेकिन, पुलिस अब तक बाइकर्स गैंग को नहीं पकड़ पाई है।

जानकारी के अनुसार सीपत क्षेत्र के मचखंडा नवागांव में रहने वाली पंचकुंवर साहू अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गई थी। बुधवार को महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर गांव लौट रही थी। बाइक सवार पति-पत्नी अभी ग्राम लखराम के पास पहुंचे थे। तभी रास्ते में सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। इस दौरान बाइक पर बैठे-बैठे ही युवकों ने महिला के पति से सिंघरी जाने का रास्ता पूछा।

झपट्‌टा मारकर लूट लिए मंगलसूत्र और हो गए फरार

पति-पत्नी कुछ बोलते इससे पहले ही एक युवकों ने महिला के गले पर झपट्‌टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इसके बाद वे तेजी से बाइक चलाते हुए भाग निकले। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लेकिन, किसी ने मदद नहीं की। फिर दोनों पति-पत्नी ने रतनपुर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी कैमरे में नजर आए दो संदिग्ध

थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह ने बताया कि घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। एक जगह लगे सीसीटीवी में बाइक सवार दो संदेही युवक नजर आ रहे हैं। उनकी पहचान कर युवकों की तलाश की जा रही है।