Bilaspur News : नाबालिग छात्रा के साथ किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur News : नाबालिग छात्रा के साथ किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

May 15, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर, 15 मई । बिलासपुर में 16 साल की लड़की को अगवा कर युवक के रेप करने का मामला सामने आया है। युवक ने पहले छात्रा से दोस्ती की और उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का वादा किया। युवक उसे घुमाने के बहाने भगाकर ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस केस में पुलिस ने लड़की को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार एक सप्ताह पहले लड़की के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। वह घर से सामान लेने गई थी।

इसके बाद जब वह वापस नहीं आई, तब उन्होंने अपने परिचित और उसकी सहेलियों से पूछताछ कर तलाश की। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने उसके अपहरण और अनहोनी की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने लड़की के करीबियों से जानकारी जुटाई, तब पता चला कि वह स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा से एक युवक मिलता था। युवक मूलत: बलौदाबाजार जिले के सिमगा क्षेत्र के ग्राम करहुल का रहने वाला है और यहां प्राइवेट जॉब करता है। वह लड़की के मोहल्ले में ही किराए के मकान में रहता है।

पुलिस ने युवक की तलाश की, तब वह भी गायब मिला। लिहाजा, पुलिस ने उसका मोबाइल नंबर लेकर लोकेशन ट्रेस किया और उसके गांव में दबिश दी, तब लड़की उसके घर में मिला। इधर, लड़की से पूछताछ कर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया, तब पता चला कि स्कूल जाते-आते करीब साल भर पहले युवक से उसकी पहचान हुई थी।

इस दौरान उनकी दोस्ती हो गई और युवक उससे बातचीत करने लगा। फिर युवक ने उससे प्यार का इजहार कर उसके साथ शादी करने का वादा किया। घटना के दिन युवक उसे घुमाने के बहाने ले गया था। इसके बाद अपने गांव ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने लड़की को उसके परिजन को सौंप दिया है। वहीं, आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण के साथ ही दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।