MI vs RCB: Mumbai Indians है असली चेज मास्‍टर्स, IPL इतिहास में अपने नाम कर डाले ये धांसू रिकॉर्ड्स

MI vs RCB: Mumbai Indians है असली चेज मास्‍टर्स, IPL इतिहास में अपने नाम कर डाले ये धांसू रिकॉर्ड्स

May 10, 2023 Off By NN Express

मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को आईपीएल 2023 के 54वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 21 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से मात दी। वानखेड़े स्‍टेडियम पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 199 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 16.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया।

200 रन का लक्ष्‍य हासिल करते ही मुंबई इंडियंस ने अपने नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है। मुंबई इंडियंस आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्‍यादा बार 200 या ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा करने वाली पहली टीम बन गई है।

मौजूदा आईपीएल में यह तीसरा मौका रहा, जब मुंबई इंडियंस ने 200 रन का लक्ष्‍य सफलतापूर्वक हासिल किया। इससे पहले मुंबई ने पंजाब (215) के खिलाफ मोहाली और राजस्‍थान (213) के खिलाफ वानखेड़े स्‍टेडियम पर 200 या ज्‍यादा रन का लक्ष्‍य हासिल किया था।

एकसाथ दो टीमों का रिकॉर्ड तोड़ा

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्‍यादा बार 200 या ज्‍यादा के स्‍कोर का सफल पीछा करने के मामले में पंजाब किंग्‍स और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को पीछे छोड़ा। पंजाब किंग्‍स ने 2014 में दो बार 200 या ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया था। इसी प्रकार चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने 2018 में यह कारनामा दोहराया था। पांच साल बाद मुंबई इंडियंस ने एकसाथ इन दोनों टीमों को पीछे छोड़ा।

आईपीएल सीजन में सबसे ज्‍यादा बार 200+ स्‍कोर का सफल पीछा करने वाली टीमें

  • 3 – मुंबई इंडियंस (2023*)
  • 2 – पंजाब किंग्‍स (2014)
  • 2 – चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स (2018)

मुंबई इंडियंस का एक और बड़ा रिकॉर्ड

200 रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। मुंबई इंडियंस ने 200 या ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का पीछा सबसे कम गेंदों में करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को आरसीबी के खिलाफ 21 गेंदें शेष रहते हुए 200 रन का लक्ष्‍य हासिल किया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड दिल्‍ली कैपिटल्‍स के नाम दर्ज था, जिसने 2017 में गुजरात लायंस के खिलाफ 208 रन का लक्ष्‍य 15 गेंदें शेष रहते हुए हासिल किया था। इस लिस्‍ट में पंजाब किंग्‍स की टीम तीसरे स्‍थान पर काबिज है। पंजाब ने केकेआर के खिलाफ कोलकाता में 2010 में 201 रन का लक्ष्‍य 10 गेंदें शेष रहते हुए हासिल किया था। इस बात से साबित होता है कि मुंबई इंडियंस गजब की चेज मास्‍टर्स है।