तिलक से लौट रहे थे, डम्पर ने मारी टक्कर : 5 की मौत, 10 घायल…

तिलक से लौट रहे थे, डम्पर ने मारी टक्कर : 5 की मौत, 10 घायल…

May 5, 2023 Off By NN Express

बहराइच 05 मई  यूपी के बहराइच जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। लखनऊ मार्ग पर कैसरगंज कस्बे में गुरुवार रात एक बजे ऑटो को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 लोग गंभीर लोग से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मृत लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी लोग तिलक कार्यक्रम से वापस अपने घर आ रहे थे।

जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनी निवासी मंशाराम की बेटी का विवाह कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के रुकनापुर गांव से तय हुआ था। गुरुवार को तिलक कार्यक्रम था। जिस पर मंशाराम रिश्तेदार और परिवार के लोगों के साथ तिलक लेकर रूकनापुर गांव ऑटो से गया था।

तिलक कार्यक्रम निपटाने के बाद सभी रात में वापस लौट रहे थे। रात एक बजे के आसपास सभी ऑटो सवार लखनऊ- बहराइच मार्ग पर कैसरगंज कोतवाली के मदनी हॉस्पिटल के सामने पहुंचे। तेज रफ्तार में डंपर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में थाना हुजूरपुर के लालापुरवा निवासी भगवान प्रसाद, हरिश्चंद्र जयकरन, ग्राम अहिरन पुरवा के अनिल व खुशबू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसमें लड़की की बहन भी शामिल है। वहीं अहिरनपुरवा के नन्हें, सुनीता देवी, चंदन सत्यम, राजितराम, मंगल, कैलाश, रामदीन, नंदलाल, प्रदीप, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कोतवाल दद्दन सिंह, सीओ कमलेश सिंह, एसडीएम महेश कुमार कैथल भी पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल ने बताया कि हादसे में ऑटो सवार पांच लोगों की मौत हुई है। जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि डंपर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया है। उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।