Korba Breaking : तीर कमान से वारकर युवक की हत्या, खून से लथपथ मिला शव…

Korba Breaking : तीर कमान से वारकर युवक की हत्या, खून से लथपथ मिला शव…

May 1, 2023 Off By NN Express

कोरबा, 01 मई । कोरबा में एक युवक की कुल्हाड़ी और तीर कमान से वारकर हत्या कर दी गई है। खून से लथपथ उसका शव नदी किनारे मिला है। युवक के साथ मछली मारने वाला शख्स भी घटना के दिन से गायब है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। मामला मोरगा चौकी क्षेत्र का है।

कछार निवासी लालमन गोंड(75) ने प्रताप गोंड(35) को बचपन में गोद लिया था। जिसके बाद से प्रताप लालमन के साथ ही रहा करता था। बताया गया कि प्रताप भी खेती किसानी करता था। कभी-कभी मछली मारने भी जाया करता था। इस बीच शनिवार शाम को प्रताप घर से निकला। फिर रात तक लौटा ही नहीं। उसके परिजनों ने गांव में तलाश की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

उधर, रविवार सुबह गांव से कुछ दूर पर स्थित हसदेव नदी किनारे प्रताप का शव मिला। गांव के ही एक शख्स ने उसका शव देखा था। जिसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। तब उन्होंने देखा कि युवक के शरीर में तीर कमान और कुल्हाड़ी से वार किया गया है। मौके से 3 तीर मिले हैं।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों से पूछताछ की गई। जिसमें पता चला कि युवक बिन बताए घर से निकला था। परिजनों से यह भी पता चला कि प्रताप अक्सर गांव के ही धनुहार उर्फ घीवा के साथ मछली मारने जाया करता था।