कोमा से बाहर आए पति ने खोले पत्नी के राज, दूसरे पुरुष के साथ थे संबंध, मरने की रची साजिश….

कोमा से बाहर आए पति ने खोले पत्नी के राज, दूसरे पुरुष के साथ थे संबंध, मरने की रची साजिश….

May 1, 2023 Off By NN Express

मोगा, 01 मई 16 महीने बाद कोमा से बाहर आए एक व्यक्ति ने पत्नी की साजिश के राज खोल दिए। जानलेवा हमले में घायल व्यक्ति ने बताया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसको मारने की साजिश रची थी। जानलेवा हमले को सड़क हादसा देने की कोशिश हुई। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मैहना थाने के सहायक थानेदार सुखपाल सिंह ने बताया कि रवि सिंह पुत्र बूटा सिंह ने शिकायत दी कि 10 दिसंबर, 2021 को वह मोटरसाइकिल पर बिजली घर डाला के नजदीक से होते हुए घर जा रहा था। रास्ते में दीप सिंह व बहादुर सिंह एक मोटरसाइकिल पर आए।

उन्होंने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। बाद में ये लोग उसे अपनी मोटरसाइकिल बैठाकर बिलासपुर में एक बंद पड़े पेट्रोल पंप पर ले गए। वहां उसे मार देने की नीयत से बुरी तरह पीटा। बेहोश हो गया तो आरोपितों ने सड़क हादसे में उसे घायल होने की बात कहकर सूचना उसके स्वजन को दे दी।

साजिश के तहत एंबुलेंस 108 के सहयोग से मोगा के सिविल अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां से उसे ईएसआइ अस्पताल लुधियाना और उसके बाद ओसवाल अस्पताल भेज दिया गया। सहायक थानेदार सुखपाल सिंह के अनुसार, रवि ने बताया कि उसकी पत्नी के बरनाला जिले के बहादुर सिंह के साथ अवैध संबंध थे। रवि इसका विरोध करता था। इसी के कारण पत्नी ने बहादुर सिंह और दीप सिंह के साथ मिलकर उसे मारने की साजिश रची थी। रवि 16 महीने तक कोमा में था।