दो बच्चों के सामने मां ने फंदे पर लटकर की आत्महत्या, कहा- पापा को फोन पर बता दो ‘दुनिया छोड़ रही है मम्मी’

दो बच्चों के सामने मां ने फंदे पर लटकर की आत्महत्या, कहा- पापा को फोन पर बता दो ‘दुनिया छोड़ रही है मम्मी’

April 29, 2023 Off By NN Express

मैनपुरी, 29 अप्रैल  मैनपुरी में एक महिला ने अपने मासूम बच्चों के सामने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव के लोग हैरान हैं। दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है। बसावनपुर निवासी बबलू का विवाह 11 साल पहले थाना कुर्रा के गांव आजीपुर निवासी शिल्पी के साथ हुआ था। शिल्पी आठ वर्षीय और छह वर्षीय पुत्र की मां थी। गुरुवार शाम परिवार के लोग घर के बाहर गए हुए थे। शिल्पी अपने दोनों बच्चों के साथ घर में अकेली थी।

मेन गेट की कुंडी अंदर से बंद थी। शाम को शिल्पी ने पुत्री से कहा कि अपने पापा को फोन कर बताओ कि मम्मी दुनिया छोड़कर जा रही है। इतना कह कर शिल्पी फंदे पर लटक गई। यह देख पुत्री और पुत्र ने रोना, चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी छत के रास्ते अंदर पहुंचे तो शिल्पी का शव फंदे पर लटक रहा था। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। दोनों बच्चों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शिल्पी के स्वजन और मायके वाले भी आ गए।

एसओ एलाऊ आदित्य कुमार खोखर ने बताया कि महिला ने बच्चों के सामने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। घटना को लेकर कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद स्वजन ने विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी तो दी, लेकिन आत्महत्या क्यों की इसे लेकर वे कोई जानकारी नहीं दे सके। वहीं कुछ ग्रामीणों ने घटना के पीछे का कारण गृहक्लेश बताया है। बालिका सोनम ने पुलिस को बताया कि मां के कहने पर उसने पापा को फोन लगाया, लेकिन पापा का नंबर नहीं लग रहा था। इसी बीच मम्मी फंदे पर लटक गई। वह मम्मी को रोकती भी रही, लेकिन मम्मी ने उसकी बात नहीं सुनी।