शेयर बाजार की फ्लैट शुरुआत, सेंसेक्स में उछाल, निफ्टी में गिरावट

शेयर बाजार की फ्लैट शुरुआत, सेंसेक्स में उछाल, निफ्टी में गिरावट

April 27, 2023 Off By NN Express

मुंबई, 27 अप्रैल। आज गुरुवार 27 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार की फ्लैट शुरुआत हुई है। सेंसेक्स 15 अंक चढ़कर 60,315 के स्तर पर खुला है। निफ्टी बिना किसी बढ़त या गिरावट के 17,813 के स्तर पर ओपन हुआ है। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिल रही है। कच्चे तेल के दाम में करीब 4% की गिरावट रही। अमेरिका में क्रूड इन्वेंटरी में अनुमान से ज्यादा गिरावट के बाद भी कच्चे तेल के दाम में कमजोरी देखने को मिली। दरअसल, अमेरिका में मंदी के आशंका ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।

जिसके बाद से क्रूड के दम पर दबाव देखने को मिल रहा है। ब्रेंट क्रूड 3.8% की कमजोरी के साथ 77.69 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 3.6% की कमजोरी के साथ 74.30 डॉलर प्रति बैरल पर नजर आया। सोना भी फिर से 2000 डॉलर के ऊपर पहुंचा है। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने बुधवार को मार्च 2023 को खत्म चौथी तिमाही (Q4FY23) का रिजल्ट घोषित किया। इस तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल 43% बढ़कर 2,624 करोड़ रुपए हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में ये 1,839 करोड़ रुपए था।

बोर्ड ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 90 रुपए प्रति शेयर के डिविडेंड को मंजूरी दी है। चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू साल-दर-साल 20% बढ़कर 32,048 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल 26,740 करोड़ रुपए था। मारुति के शेयर में आज 0.19% की तेजी रही ये 8,485 रुपए पर बंद हुआ।

इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 169 अंक चढ़कर 60,300 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 44 अंक की तेजी रही थी। ये 17,813 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में तेजी और 9 में गिरावट देखने को मिली थी।