CG CRIME NEWS : डेढ़ लाख के फ्रॉड पर महिला ने दी थी जान…07 आरोपित गिरफ्तार

CG CRIME NEWS : डेढ़ लाख के फ्रॉड पर महिला ने दी थी जान…07 आरोपित गिरफ्तार

April 23, 2023 Off By NN Express

सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की शिकार एक महिला ने 23 मार्च को पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। अब इस मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका कनेक्शन पाकिस्तान और नेपाल से है। महिला को केबीसी में 25 लाख रुपए जीतने का झांसा देकर उसके साथ डेढ़ लाख रुपए की ठगी कर ली थी।

एसपी भावना गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ग्राम लिचीरमा निवासी 45 वर्षीय महिला सेववती पैंकरा ने 23 मार्च की सुबह गांव से लगे मांड़ नदी पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी रिपोर्ट महिला के भतीजे विक्रम सिंह पैंकरा ने थाने में दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि महिला के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्तियों ने केबीसी में 25 लाख रुपए की लॉटरी लगने का झांसा दिया था। महिला ने अपनी जमा पूंजी और कर्ज लेकर डेढ़ लाख रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए खाता नंबरों में जमा किए थे। जब लॉटरी के रुपए नहीं मिले, तो उसने आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस की जांच में ये बात सामने आई कि अज्ञात व्यक्तियों ने महिला के मोबाइल पर जिन फोन और व्हाट्सएप नंबरों से कॉल किए गए थे, उसका आईपी एड्रेस पाकिस्तान का है। महिला ने जिन-जिन खातों में पैसा डाला, उन खाताधारकों की केवाईसी डिटेल और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों की जांच की गई, तो अधिकांश खाते पूर्णिया, कटिहार और आरा के निकले। लास्ट विड्रॉल पूर्णिया बिहार और अन्य कुछ जगहों से होना पाया गया है। आरोपियों द्वारा ठगी के रुपयों में अपना कमीशन काटकर पाकिस्तान भेजा जाता था। वहीं ये पाकिस्तान के नंबरों से व्हाट्सएप कॉल कर लोगों को लॉटरी के नाम पर फंसाते थे। आरोपियों द्वारा क्रिप्टोकरेंसी में भी करोड़ों रुपए का इन्वेस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. मनमोहन उर्फ मनीष मंडल (22 साल) निवासी गोपालपट्टी वार्ड नं- 11 थाना फलका जिला कटिहार बिहार 2. प्रदुम्न कुमार सिंह (22 साल) निवासी नोनौर वार्ड नं- 11, थाना सहार जिला भोजपुर आरा बिहार 3. चक्रवर्ती आनंद (23 साल) निवासी घरगद्दी घाट थाना रूपौली, जिला पूर्णिया बिहार 4. वलिउआल रियाज (27 साल) निवासी जोकटिया थाना मझौलिया जिला पश्चिमी चंपारण बिहार 5. शिवेन्द्र कुमार (23 साल) निवासी कोठिया थाना फलका जिला कटिहार बिहार 6. आशीष कुमार मंडल (21 साल) निवासी गोपालपट्टी थाना फलका जिला कटिहार बिहार 7. मो. शाहिद आलम (24 साल) निवासी बरहरा वार्ड नं- 3 थाना बरहारा कोठी जिला पूर्णिया बिहार

मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 306 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आईजी के मार्गदर्शन और सरगुजा एसपी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया गया है। आरोपियों से 11 मोबाइल, 14 सिम, 2 पासबुक, 17 एटीएम और 11 हजार रुपए नगद बरामद किए गए।

पाकिस्तान और नेपाल के एजेंट के संपर्क में थे आरोपी

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि कुछ अज्ञात व्यक्ति भारत में रहकर निचले तबके के लोगों का अकाउंट खुलवाकर उन्हें छोटी रकम दे देते थे। फिर उनके खाते से संबंधित लेनदेन खुद आरोपियों द्वारा किया जाता है। ये आरोपी पकिस्तान और नेपाल के एजेंट से संपर्क में रहकर ठगी के पैसे में से अपना कमीशन लेकर पाकिस्तानी एजेंट द्वारा बताए गए खातों में पैसे भेज देते थे। एक आरोपी ने बताया कि बाइनेंस नाम की क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज में अपने पाकिस्तानी आकाओं के कहने पर पैसे निवेश किए थे। इस मामले में टेरर फंडिंग सहित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच भी की जा रही हैं।