अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

April 2, 2023 Off By NN Express

सोलन पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार किए हैं। इनमें तीन नाबालिग हैं। अब तक चोरी की पांच बाइक बरामद की हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 31 मार्च की रात तीन आरोपितों को कालका से व चार को बद्दी से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान हो गई है। उसके जालंधर में छिपे होने की आशंका है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सन्नी निवासी गांव राजपुर, जिला आरा (बिहार), सुनील निवासी शाहपुर, जिला कालका, गौतम निवासी अप्पर मोहल्ला, कालका, जसबीर निवासी नानकपुर, कालका (हरियाणा) के रूप में हुई है। तीन नाबालिग आरोपित भी हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपितों ने पुलिस को बताया है कि वे सोलन, परवाणू से बाइक चोरी करने के बाद पंजाब व हरियाणा  में बेच देते थे।

औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में बाइक चोरी का मामला दर्ज हुआ था। पिंजौर (हरियाणा) निवासी शिवम ने बताया था कि 27 मार्च रात 10 बजे वह अपनी बाइक से हरिपुरधार जाने के लिए निकला था। उसने अपनी बाइक परवाणू में पंपोश अस्पताल के पास खड़ी की थी और दोस्त की बाइक से आगे गया।

रात 1:30 बजे जब दोनों ओच्छघाट सोलन पहुंचे तो ठंड होने के कारण वापस परवाणू आ गए। करीब चार बजे पंपोश अस्पताल के पास पहुंचे तो बाइक वहां नहीं थी। जिस पर उसने परवाणू थाना में शिकायत दी थी। दिसंबर, 2022 में भी परवाणू से एक बाइक चोरी हुई थी।