महिला ने 3 बच्चों के साथ की खुदकुशी, Railway track पर मिले शव…..

महिला ने 3 बच्चों के साथ की खुदकुशी, Railway track पर मिले शव…..

March 29, 2023 Off By NN Express

रांची, 29 मार्च | झारखंड के पलामू में बुधवार दोपहर एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। महिला की पहचान इसी जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़कपुर गांव निवासी रवि सिंह की पत्नी मनीता देवी के रूप में हुई है। बच्चे भी इसी दंपति के हैं। इनमें दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा वहां एक मिक्सचर के पैकेट का रैपर मिला है। माना जा रहा है कि महिला और बच्चों ने मौत के पहले मिक्सचर खाया था। बताया जा रहा है कि महिला तकरीबन एक पखवाड़े पहले अपने घर से निकली थी और आज बच्चों के साथ कहीं जाती देखी गई थी।

पुलिस ने महिला के पति और उनके परिजनों को सूचित किया है। महिला का मायके भी पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के एकता गांव में है। बुधवार दोपहर महिला और बच्चों के शव ट्रैक पर पड़े होने की खबर फैली तो बड़ी संख्या में लोग वहां जुट आए। शवों को उठाए जाने तक रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन भी रोक दिया गया। लगभग एक घंटे बाद शव उठाए जाने के बाद लाइन को चालू किया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पलामू एसपी चंदन सिन्हा सहित कई पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे।