Big Breaking : PM की सुरक्षा में चूक मामला, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिया ये फैसला….

Big Breaking : PM की सुरक्षा में चूक मामला, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिया ये फैसला….

March 21, 2023 Off By NN Express

चंडीगढ़, 21 मार्च I पिछले साल 5 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला पंजाब के फिरोजपुर में एक फ्लाईओवर पर 15-20 मिनट तक फंस गया था। प्रधानमंत्री फिरोजपुर में रैली के लिए जा रहे थे। सुरक्षा में चूक के बाद उनकी रैली को स्थगित करना पड़ा था। पीएम की सुरक्षा में चूक के मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 5 सदस्यों की एक कमेटी गठित की थी, जिसकी अगुवाई रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा ने की। इस रिपोर्ट में राज्य के तत्कालीन मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी, पुलिस प्रमुख एस चट्टोपाध्याय और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को पीएम की सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था।

इस रिपोर्ट में पंजाब पुलिस के अधिकारियों पर लापरवाही भरे रवैये का आरोप लगाया गया था। अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले साल जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य की यात्रा के दौरान सुरक्षा में सेंध के मामले में सोमवार को पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस चट्टोपाध्याय और दो अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया। सेवानिवृत्त हो चुके चट्टोपाध्याय के अलावा फिरोजपुर रेंज के तत्कालीन पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इंदरबीर सिंह और फिरोजपुर के तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इन अधिकारियों को अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा जाएगा। सोमवार को गृह विभाग की ओर से कार्मिक विभाग को जारी पत्र के अनुसार, मान ने यह भी फैसला किया कि तत्कालीन एडीजीपी (कानून व्यवस्था) नरेश अरोड़ा, तत्कालीन एडीजीपी साइबर क्राइम जी नागेश्वर राव के साथ ही मुखविंदर सिंह चीना (तत्कालीन आईजीपी पटियाला रेंज) व अन्य अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा जाए। उनसे पूछा जाएगा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिश के अनुसार उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही क्यों नहीं शुरू की जानी चाहिए।