Update News : कोरबा कचरा संग्रहण केंद्र में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Update News : कोरबा कचरा संग्रहण केंद्र में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

March 15, 2023 Off By NN Express

कोरबा 15 मार्च I शहर से लगे काशीनगर वार्ड 20 में स्थित कचरा संग्रहण केंद्र में बुधवार को भीषण आग लग गई। धुआं और आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख वहां बस्तीवासियों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। जल्दी से लोगों ने फायर ब्रिगेड और डायल 112 को सूचना दी। कचरा संग्रहण केंद्र का नाम मणि कंचन केंद्र है।

खबर मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कचरा संग्रहण केंद्र में काम करने वाले कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जिन जगहों पर आग नहीं पहुंच पाई थी, वहां से कचरे को हटाया गया। हालांकि उनके निकालते-निकालते भी कचरा संग्रहण केंद्र के बड़े हिस्से में लगी आग ने काफी कचरों को अपनी चपेट में ले लिया था।

लोगों ने आशंका जताई कि यहां असामाजिक तत्वों का हाथ आग लगाने में हो सकता है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक वे आग पर काबू पाने के लिए पहुंचते, काफी कचरा जलकर खाक हो चुका था। सूखा कचरा होने के कारण आग ने भीषण रूप ले लिया था।

कचरा संग्रहण केंद्र में अलग-अलग संग्रहित कचरा रखा जाता है। तीन श्रेणियों सूखा, गीला कचरा और मिक्स कचरा यहां रखा हुआ था। कचरे को कॉलोनी और बस्ती से जमा कर यहां लाया जाता है। उसके बाद अलग-अलग संग्रहित कर रखा जाता है। सूखा कचरा बाहर था, जिसमें आग लगी, जो धीरे-धीरे अंदर तक फैल गई। घटना की सूचना सिविल लाइन थाना और नगर निगम के अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।