बंद कमरें में मिली तीन लाशें, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस….

बंद कमरें में मिली तीन लाशें, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस….

March 9, 2023 Off By NN Express

अलीगढ़,09 मार्च । अलीगढ़ में एक मां और उसकी दो बेटियों की लाश घर में मिली है। बेटियों की उम्र 26 और 29 साल थी। जबकि मां की उम्र 55 साल थी। पुलिस को आशंका है कि मां ने पहले दोनों बेटियों को जहर दिया। फिर खुद खाकर जान दे दी। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में तीन ही लोग थे, अब कोई नहीं बचा है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर का है। यहां 55 साल की नगीना अपनी दो बेटियों बानो और पाकी के साथ किराए के मकान में रहती थी।

उसके पति खलील की कई सालों पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से पूरे परिवार के भरण- पोषण की जिम्मेदारी नगीना के ऊपर ही थी। वो मजदूरी करती थी।बुधवार देर शाम तक जब परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं निकला तो लोगों को संदेह हुआ। आस-पास के लोगों ने घर के अंदर झांका, तो पूरा परिवार बेसुध पड़ा था। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से नगीना की तबीयत खराब चल रही थी। उसके लीवर में दिक्कत थी। इस कारण वह काम करने भी नहीं जा पा रही थी। पूरा परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था।

घर में खाने तक की दिक्कत होने लगी थी। आशंका है कि इस कारण महिला ने पूरे परिवार के साथ जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, कमरे की हालात देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला ने पहले खाने में जहर मिलाकर दोनों बेटियों को खिलाया। जब बेटियों ने खाना खा लिया, तो फिर उसने भी जहर खा लिया। इसके बाद तड़प-तड़प कर पूरे परिवार की मौत हो गई।

पड़ोसियों ने यह भी बताया कि महिला नगीना नशे की आदी भी थी। इस कारण उसे और ज्यादा आर्थिक परेशानी हो रही थी। पुलिस को कमरे में एक पुड़िया मिली है, जिसमें अज्ञात सामग्री थी। पुलिस ने इसे जांच के लिए FSL लैब भेजा है। साथ ही, पुलिस को कुछ बर्तन भी मिले हैं, जिसमें मरने से पहले दोनों बेटियों ने खाना खाया था। इनको भी जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों की मौत के बाद अब तक परिवार का कोई अन्य व्यक्ति सामने नहीं आया है।

मृतकों के रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अब तक वह भी सामने नहीं आए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पूरे परिवार ने एक साथ जहर खाया है या अलग-अलग इसकी भी जांच की जा रही है। SSP कलानिधि नैथानी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।