Janhvi kapoor: श्रीदेवी की इस हिट फिल्म से जाह्नवी कपूर को मिला अपना नाम, मां नहीं बनाना चाहती थीं एक्ट्रेस

Janhvi kapoor: श्रीदेवी की इस हिट फिल्म से जाह्नवी कपूर को मिला अपना नाम, मां नहीं बनाना चाहती थीं एक्ट्रेस

March 6, 2023 Off By NN Express

Janhvi kapoor: बॉलीवुड की पहली सुपरस्टार श्रीदेवी के बेटी जाह्नवी कपूर में अपनी मां की झलक दिखती है। कुछ ही समय में फिल्म इंडस्ट्री में जाह्नवी ने अपनी अच्छी पहचान बना ली है। फैंस उनकी सादगी और मासूमियत के दीवाने हैं। बहुत कम समय में जाह्नवी ने दर्शकों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई है। आज जाह्नवी अपना 26वां जन्मदिन मना रही हैं।

जाह्नवी कपूर का जन्म 6 मार्च 1997 को मुंबई में श्रीदेवी और बोनी कपूर के घर में हुआ था। श्रीदेवी का हमेशा से सपना था कि वो जाह्नवी को डॉक्टर बनाएंगी, लेकिन जाह्नवी ने तो मां की तरह एक्ट्रेस बनने का सपना देखा था। श्रीदेवी इस बात के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं, लेकिन बेटी की इच्छा के आगे मां की भी कहां चलने वाली थी। बोनी कपूर ने भी जाह्नवी के लिए श्रीदेवी से सिफारिश की। कुछ समय तो श्रीदेवी इसके लिए राजी नहीं हुईं, पर बाद में वो मान गईं, और इस तरह जाह्नवी को एक्ट्रेस बनने की परमिशन मिल गई।

जाह्नवी कपूर का नाम रखने के पीछे भी काफी दिलचस्प कहानी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एक्ट्रेस का नाम श्रीदेवी और बोनी कपूर ने ‘जुदाई’ के बाद रखा था। इस फिल्म में उर्मिला मातोंडकर के कैरेक्टर के नाम  ‘जाह्नवी’ था। बोनी कपूर ने जुदाई का निर्माण किया था। फिल्म में श्रीदेवी और उर्मिला के साथ अनिल कपूर लीड रोल में थे। यह फिल्म जाह्नवी के जन्म से सिर्फ 6 दिन पहले रिलीज हुई थी और उस साल की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हुई।

जाह्नवी की पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने मुंबई के धीरुभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से अपनी पढ़ाई की है। इसके बाद अपने सपने को पूरा करने के लिए जाह्नवी ने एक्टिंग कोर्स के लिए यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के लॉस एंजेलिस में स्थित द ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट का रुख किया। इसके बाद उन्होंने फिल्म संस्थान से भी एक्टिंग कोर्स किया।

जाह्नवी कपूर ने 2018 में आई फिल्म ‘धड़क’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ ईशान खट्टर लीड रोल में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने 2020 में आयीं घोस्ट स्टोरीज और गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल में अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों को एंटरटेन किया। इसके बाद वो 2021 में आई फिल्म रूही में नजर आईं। 2022 में जाह्नवी की फिल्म गुड लक जेरी और मिली रिलीज हुईं। वहीं, उनकी अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो एक्ट्रेस फिलहाल फिल्म बवाल और मिस्टर एंड मिसेज माही में नजर आएंगी। ये दोनों फिल्में 2023 में रिलीज होंगी।