Weather Updates : मार्च में टूट सकता है इस बार गर्मी का रिकार्ड….

Weather Updates : मार्च में टूट सकता है इस बार गर्मी का रिकार्ड….

March 5, 2023 Off By NN Express

रायपुर,05 मार्च  प्रदेश में दोपहर की चिलचिलाती धूप अब जलाने लगी है और रात का पारा भी बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेशभर में सारंगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी सारंगढ़ का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं का अधिकतम तापमान 37.5डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मौसम का मिजाज बदलने के आसार नहीं है और संभावना है कि इस वर्ष मार्च में पिछले कई वर्षों के गर्मी का रिकार्ड टूट सकता है।

होली के बाद तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इस वर्ष जनवरी की तरह फरवरी के महीने में भी कोई भी शीत-दिवस नहीं रहा। फरवरी माह में भी रायपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में भी ऐसा ही रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के ही आसार है। 

बढ़ती गर्मी के चलते अब आइसक्रीम, कोल्ड्र ड्रिंक की बिक्री काफी बढ़ती जा रही है। शहर के विभिन्ना क्षेत्रों में ठंडे पेय पदार्थों की दुकानें भी लग गई हैं। यहां ग्राहकों की भीड़ भी देखी जा सकती है। रायपुर सहित बिलासपुर संभाग और दुर्ग में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट रही। रायपुर का न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री,जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। इसी प्रकार दुर्ग का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।