बटकी मां बासी, चुटकी म नून.. आरू साहू के ददरिया गीत पर विधायक – कलेक्टर भी थिरके मंच पर

बटकी मां बासी, चुटकी म नून.. आरू साहू के ददरिया गीत पर विधायक – कलेक्टर भी थिरके मंच पर

February 20, 2023 Off By NN Express


0. पाली महोत्सव समापन दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कोरबा 20 फरवरी I पाली महोत्सव के समापन अवसर पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिली। नृत्य, गायन  ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पाली महोत्सव के समापन का आनन्द लेने पहुंचे लोगो ने 19 फरवरी को भी पूरे कार्यक्रम का जोश और उत्साह के साथ लुत्फ उठाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति, लोक संगीत की झलक दिखी। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ी की उभरती 14 वर्षीय बाल गायिका आरु साहू द्वारा प्रस्तुत बटकी म बासी, चुटकी म नून.. ददरिया गीत से दर्शक दीर्घा में बैठे विधायक द्वय मोहित राम केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, कलेक्टर संजीव झा एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण भी मंच पर आकर थिरकने लगे।

सभी ने मंच में आकर ताली बजाकर आरू साहू का उत्साह वर्धन किया। साथ ही कार्यक्रम प्रस्तुति पश्चात स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। इसी प्रकार आरू साहू द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत ओ मैया झूप झुप महू ला नचाई दे… ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। दर्शकों ने खूब ताली बजाकर बाल गायिका आरू साहू का अभिवादन किया। इसी प्रकार तरी हरी नाना… सुवा गीत और गौरा गौरी गीत ने भक्तिमय अंदाज में  सभी दर्शकों को खूब रोमांचित किया। साथ ही दर्शक गण सुमधुर छत्तीसगढ़ी संगीत सुनकर धुन में खो गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत शिव तांडव और बॉलीवुड डांस ग्रुप द्वारा दिए प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन भाया।