टीम इंडिया के कोच ग्राहम रीड ने दिया इस्तीफा…

टीम इंडिया के कोच ग्राहम रीड ने दिया इस्तीफा…

January 30, 2023 Off By NN Express

नई दिल्ली ,30 जनवरी । भारतीय हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड ने इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में ओडिशा में हुए हॉकी विश्व कप में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद रीड ने अपने पद से हटने का फैसला लिया। उनके अलावा एनालिटिकल कोच ग्रेग क्लार्क और साइंटिफिक एडवाइजर मिचेल डेविड पेम्बरटन ने भी इस्तीफा दे दिया है। हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम नौवें स्थान पर रही।

रीड को अप्रैल 2019 में भारत का कोच नियुक्त किया गया था। उनकी देखरेख में भारत ने 2021 में टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। 58 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई रीड ने भुवनेश्वर में विश्व कप के समापन के एक दिन बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया। विश्व कप के फाइनल में जर्मनी ने बेल्जियम को पेनल्टी शूट-आउट में हराया और टीम चैंपियन बनी। यह जर्मनी का तीसरा विश्व कप खिताब रहा।

रीड ने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा- अब समय आ गया है कि मैं पद छोड़ दूं और अगले मैनेजमेंट को जिम्मेदारी सौंप दूं। टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करना सम्मान और सौभाग्य की बात है। मैंने इस शानदार यात्रा के हर पल का आनंद लिया है। मैं टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।