SDM के सामने मुंशी ने समाधान दिवस में पेट्रोल छिड़ककर खुद को लगाई आग…

SDM के सामने मुंशी ने समाधान दिवस में पेट्रोल छिड़ककर खुद को लगाई आग…

January 22, 2023 Off By NN Express

बाराबंकी ,22 जनवरी I में एक हैरान करने वाली घटना हुई है। यहां कानूनगो के निजी मुंशी ने आत्मदाह की कोशिश की। शनिवार को समाधान दिवस में मुंशी सुजीत उर्फ लाल डींगा सिंह पहुंचा और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। एकाएक हुई इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। भगदड़ जैसे हालात हो गए। आस-पास के लोगों ने बमुश्किल कंबल डालकर आग को बुझाया। मुंशी को तुरंत अस्पताल ले गए। गंभीर हालत होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। यह घटना सीडीओ और एसडीएम की मौजूदगी में हुई। घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें मुंशी ने तहसीलदार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामला हैदरगढ़ तहसील है।

थाना लोनीकटरा के फिरोजाबाद गांव निवासी सुजीत चौबसी क्षेत्र के कानूनगो के साथ मुंशी का काम करता है। सुजीत इन्हीं के पास रहकर तहसील का काम भी देखता रहा है। शनिवार को एक बजे सीडीओ एकता सिंह की मौजूदगी में हैदरगढ़ तहसील में समाधान दिवस चल रहा था। एसडीएम, सीओ, तहसीलदार सहित सभी विभागों के अधिकारी जनता की समस्या सुन रहे थे।

एकाएक सुजीत उर्फ डीगा सिंह वहां पहुंचा। उसने एसडीएम आफिस के बाहर खुद पर पेट्रोल डाल लिया। जब तक आस-पास के लोग कुछ समझ पाते उसने तुरंत खुद को आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह उस सभागार में पहुंच गया, जहां समाधान दिवस चल रहा था। जलते हुए सुजीत को देखकर वहां भगदड़ मच गई। अधिकारी घबरा गए। समझ ही नहीं पाए कि यह क्या हो गया?

वहां मौजूद कर्मचारियों ने आनन-फानन में कंबल डालकर आग बुझाने की कोशिश की। मगर तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे तुरंत सीएचसी भेजा गया। जहां डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वह करीब 60-70% तक झुलस गया था। घटना से घबराए अधिकारी समाधान दिवस से चले गए। पीड़ित मुंशी की पत्नी इंदु सिंह ने इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हैदरगढ़ को लिखित शिकायत दी है।

पीड़ित की पत्नी की शिकायत के मुताबिक, 4 दिन पहले एक फाइल में रिपोर्ट के सिलसिले में मुंशी ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामदेव सिंह से फोन पर बातचीत की। इससे वो नाराज हो गए और फोन पर ही धमकी देने लगे। साथ ही गाली-गलौज करते हुए तहसीलदार हैदरगढ़ शशि कुमार त्रिपाठी से शिकायत कर दी।

इसके बाद तहसीलदार ने उन्हें कमरे में बुलाकर चोर कहा। धमकी और अभद्रता की। एफआईआर लिखवाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। पीड़ित की पत्नी का कहना है कि इस प्रताड़ना से वह परेशान हो गए। इसलिए, आत्मदाह करके जान देने की कोशिश की। पुलिस ने तहसीलदार और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, घटना के बारे में जिले का कोई अधिकारी नहीं बोल रहा है।

एडीएम बोले- जांच कर होगी कार्रवाई

अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहसील परिसर में सुजीत सिंह ने आत्मदाह का प्रयास किया है। उनको लखनऊ रेफर कर दिया गया है। साथ ही, तहसीलदार और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के खिलाफ उनके आरोपों की जांच भी कराई जा रही है।