खुद को किचन में बंद कर युवक ने सिलेंडर की नॉब खोली, ससुराल में किया हंगामा

खुद को किचन में बंद कर युवक ने सिलेंडर की नॉब खोली, ससुराल में किया हंगामा

January 20, 2023 Off By NN Express

पत्नी के मायके में रहने से नाराज पति ने ससुराल में खूब उत्पात मचाया। उसने खुद को किचन में बंद कर आग लगाने की धमकी दी और पुलिस के आते ही गैस सिलेंडर की नॉब खोल दी। इससे तेजी से गैस रिसने लगी। जिसके बाद पुलिस भी दो कदम पीछे हट गई।युवक की जिद थी कि वह रहेगा तो पत्नी के साथ ही रहेगा, नहीं तो मर जाएगा। जिसके बाद पुलिस ने दीवार तोड़कर उसे बाहर निकाला। युवक ने सालभर पहले लव मैरिज की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धारा 151 के तहत कार्रवाई की है|मामला जबलपुर का है। यहां शांतिनगर में रहने वाला कृष्णकुमार झरिया (28) ऑटो ड्राइवर है। उसने सालभर पहले इसी मोहल्ले की पूजा (28) से लव मैरिज की थी। लेकिन शादी के बाद युवक की नशे की आदत को लेकर दोनों में झगड़े होने लगे। पत्नी उसे नशा छोड़ने को कहती, लेकिन वह उसकी नहीं सुनता।आए दिन शराब पीकर घर आने की आदत से पूजा तंग आ गई। 10 दिन पहले वह उसे छोड़कर अपने मायके आ गई। तब से घर नहीं लौटी। युवक का मकान और युवती का मायका आस पास ही है। कृष्णकुमार ने उसे मनाया, लेकिन वह साथ जाने को तैयार नहीं हुई।

वादा किया कि अब शराब नहीं पीएगा… पत्नी नहीं मानी
बुधवार शाम कृष्णकुमार एक बार फिर पत्नी को मनाने के लिए अपनी ससुराल पहुंच गया। लेकिन वह तब भी नशे में ही था। उसने पत्नी को साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। युवक ने पत्नी से कहा कि वह अब आगे से शराब नहीं पिएगा। पूजा को उसके वादे पर भरोसा नहीं हुआ। उसने साफ कह दिया कि वह उसके साथ अब नहीं जाएगी। उसके साथ नहीं रह सकती।

इतने में कृष्णकुमार दौड़ता हुआ किचन में पहुंचा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वह आत्मदाह की धमकी देने लगा। पत्नी और ससुरालवालों ने उसे ऐसा करने से रोका। आस-पड़ोस के लोग भी जमा हो गए। उसे सभी मनाने लगे, लेकिन उसकी जिद थी कि वह जाएगा तो पत्नी को लेकर ही जाएगा, नहीं तो खुद को जलाकर खत्म कर लेगा।

पड़ोसियों की सूचना पर रांझी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिसवालों ने भी उसे समझाया, लेकिन उसकी एक ही जिद थी पत्नी भी साथ घर लौटे। समझाइश का कोई नतीजा नहीं निकलता देख पुलिस ने किचन की दीवार तोड़ना शुरू कर दी। इतने में कृष्णकुमार ने गैस सिलेंडर की नॉब खोल दी। इससे तेजी से गैस रिसी और पूरे घर में फैल गई। एक बार तो पुलिस ने भी अपने कदम पीछे हटा लिए, लेकिन पुलिस आखिरकार उसे बाहर निकालने में कामयाब रही।

SI महिमा सिंह ने बताया कि कृष्णकुमार ने पूजा झरिया से लव मैरिज की थी। जब वह उसे परेशान करने लगा, तो पूजा अपने मायके आकर रहने लगी। ससुराल पहुंचकर कृष्णकुमार ने काफी उत्पात मचाया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची और दीवार तोड़कर उसे बाहर निकाला। पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो उसने गैस सिलेंडर का नॉब खोल ही लिया था। वह आग लगाने की कोशिश कर रहा था। उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।