RRB Group D Answer Key 2022: रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की आंसर-की से जुड़ी खबरों पर रेलवे ने जारी किया बयान

RRB Group D Answer Key 2022: रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की आंसर-की से जुड़ी खबरों पर रेलवे ने जारी किया बयान

September 20, 2022 Off By NN Express

RRB Group D Answer Key 2022: रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की आंसर-की जारी होने से जुड़ी खबरों का खंडन किया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने कहा है कि अगर कोई ऐसा कह रहा है कि वह अभ्यर्थी को ग्रुप डी परीक्षा की आंसर-की उपलब्ध करवा देगा या फिर उसके पास आंसर-की है, तो वह गुमराह कर रहा है। रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की आंसर-की होने का दावा पूरी तरह निराधार और झूठा है। रेलवे ने कहा कि ग्रुप डी की परीक्षाएं कंप्यूटर बेस्ड मोड से पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ करवाई जा रही हैं। उम्मीदवारों को उपलब्ध करवाएं प्रश्न पत्रों का क्रम आगे पीछे (रैंडमाइज्ड) है। इसके अलावा प्रश्नों के ऑप्शन भी आगे पीछे हैं। एग्जाम सेंटर में बैठे हर परीक्षार्थी का पेपर अलग अलग है। सभी प्रश्न और विकल्पों  का क्रम मास्टर क्वेश्चन पेपर से अलग है। ऐसे में किसी के द्वारा किया गया आंसर-की उपलब्ध कराने  का दावा पूरी तरह गुमराह करने वाला है। 

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अपने नोटिस में कहा, ‘आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा का आयोजन एक प्रतिष्ठित  कंपनी के जरिए करवा रहा है। इसमें 1.1 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवार हिस्सा ले रहे हैं। सीबीटी  के तीन चरण पूरे हो गए हैं जिसमें 12 जोनल रेलवे शामिल हैं। चौथा चरण 19 सितंबर से शुरू हुआ है। किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए पूरे सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र का आवंटन कंप्यूटर लॉजिक द्वारा किया जाता है। केंद्र में उम्मीदवार की लैब और सीट भी रैंडमाइज्डम है। क्वेश्चन पेपर इनक्रिप्टिड फॉर्म में है। उम्मीदवार के अलावा इसे कोई नहीं देख सकता। इसके अलावा पूरी एग्जाम सेंटर में सीसीटीवी लगाए गए हैं।’

RRB Group D Admit Card Phase 4 : फेज-4 19 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 
रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के जरिए ग्रुप डी के 1.03 लाख पदों पर भर्ती होगी। ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए 1 करोड़ 15 लाख लोगों ने आवेदन किया था।  लेवल – 1 के तहत ट्रैक मेंटेनर ग्रेड – IV, रेलवे के विभिन्न टेक्निकल डिपार्टमेंट्स (इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग, मैकेनिकल व एस एंड टी विभाग)  में हेल्पर व असिस्टेंट, प्वाइंट्समैन पदों पर नियुक्ति होगी।

रेलवे ग्रुप डी भर्ती में परसेंटाइल से निकाली जाएगी मेरिट
रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की मेरिट निकालने के लिए परसेंटाइल स्कोर का इस्तेमाल करेगा। परसेंटाइल स्कोर उन सभी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर बेस्ड होता है जो उस शिफ्ट के एग्जाम में शामिल हुए होते हैं। इसमें परीक्षार्थियों की प्रत्येक शिफ्ट के लिए प्राप्त अंकों को 100 से 0 के पैमाने में बदल दिया जाता है।