राज्यपाल संविधान के दायरे में रहकर करें काम, अतिक्रमण न करें : भूपेश बघेल

राज्यपाल संविधान के दायरे में रहकर करें काम, अतिक्रमण न करें : भूपेश बघेल

January 7, 2023 Off By NN Express

रायपुर,07 जनवरी  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को राज्यपाल अनुसुईया उइके को संवैधानिक मर्यादा याद दिलाई है। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के जिलों के दौरों पर कहा कि वे मनोनीत क़ी गईं  हैं, निर्वाचित नहीं हैं। राज्यपाल को संवैधानिक पद के अधिकार और कर्तव्य को ध्यान में रखना चाहिए, अतिक्रमण नहीं करना चाहिए। बता दें कि राज्यपाल ने जिलों का दौरा कर समस्याएं सुनने की घोषणा की है। इसी घोषणा के चलते मुख्यमंत्री ने राज्यपाल पर प्रदेश में राजनीति करने का आरोप लगाया है।  

गरियाबंद जिले के दौरे के पहले सीएम बघेल ने कहा कि संविधान के दायरे में रहकर सबको काम करना है। राज्यपाल को फील्ड में सीधे जाकर काम हुआ, नहीं हुआ, ये काम करने का नहीं है। इसके साथ आरक्षण विधेयक को लेकर बने गतिरोध पर कहा कि कर्नाटक में आरक्षण 61 प्रतिशत होने वाला है, पहले 56 प्रतिशत था अब 61 प्रतिशत करने वाले हैं। वहां के राज्यपाल हस्ताक्षर करके दे रहे हैं, यहां  राजभवन के माध्यम से राजनीति कर रही हैं।

मुख्यमंत्री बघेल ने राज्यपाल के दौरे पर कहा कि अब आप दौरा कर समस्याओं का निदान करेंगी। मंत्रिमंडल आपको सलाह देने के लिए है। आपके पास कोई समस्या आती है, कोई जानकारी आती है तो उसे आप सरकार को सौंप दें। सरकार से जानकारी लें। यह उनका कार्य है। वे फील्ड में जाकर सीधा काम नहीं करेंगी। कार्यपालिका अलग है, विधायिका अलग है। न्यायपालिका का भी कार्य बंटा हुआ है। संविधान के दायरे में रहकर सबको काम करना है। ये राष्ट्रपति की प्रतिनिधि के रूप में यहां हैं।