जाली नोट खपाने ढूंढ रहे थे शिकार… पुलिस ने किया गिरफ्तार…

जाली नोट खपाने ढूंढ रहे थे शिकार… पुलिस ने किया गिरफ्तार…

January 5, 2023 Off By NN Express

रायपुर,05 जनवरी  राजधानी में जाली नोट खपाने वाले गैंग फिर सक्रिय हो रहे हैं। रायपुर की एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम ने जाली नोट के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2000, 500 और 100 रूपए के 184 नग जाली नोट बरामद हुए हैं। मामला गंज थाना क्षेत्र के चूनाभट्टी का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत चूनाभठ्ठी के पास 2 व्यक्ति जाली नोट खपाने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे है।

एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्तियों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। टीम के सदस्यों द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास 2000, 500 एवं 100 रूपये के जाली नोट जैसा दिखने वाला नोट रखा होना पाया गया। जिस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2000 के 93 नग, 500 के 93 नग एवं 100 के 184 नग जाली नोट जब्त किए गए। आरोपी शिवप्रसाद मनहरे पूर्व में भी थाना जैजैपुर से जाली नोट के प्रकरण में जेल निरूद्ध रह चुका है।

गिरफ्तार आरोपी :
शिव प्रसाद मनहरे पिता परसराम मनहरे उम्र 29 साल निवासी रामकरौवाडीह थाना जैजैपुर जिला शक्ति।
पराग रात्रे पिता हरीश कुमार रात्रे उम्र 24 साल निवासी मालखरौदा जिला शक्ती।