मध्‍य प्रदेश में सर्द हवा ने गिराया रात का पारा

मध्‍य प्रदेश में सर्द हवा ने गिराया रात का पारा

December 3, 2022 Off By NN Express

भोपाल,03 दिसंबर । वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। साथ ही रात के समय हवा का रुख उत्तरी हो रहा है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवा के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है । मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। इसके चलते दिनरात के तापमान में उतारचढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। राजधानी में सुबह के समय शहर में कई स्थानों पर कुहासा भी छाया रहा। इसके चलते एयरपोर्ट पर न्यूनतम दृश्यता 1500 मीटर दर्ज की गई।

ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में सुबह कोहरा छाया रहा। शुक्रवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 6.4 डिग्री सेल्सियस नौगांव में दर्ज किया गया। रायसेन में पारा सात डिग्री सेल्सियस पर रहा। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश का मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभाग के जिलों में सामान्य रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवा का रुख बार-बार बदलकर कभी उत्तरी तो कभी उत्तर-पूर्वी हो रहा है।

विशेषकर रात के समय उत्तरी हवा चलने से रात के समय सिहरन बरकरार है। मौसम का मिजाज अभी इसी तरह बने रहने के आसार हैं। उत्तर भारत में श्रीनगर पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी आगे बढ़ गया है। वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली भी सक्रिय नहीं है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवा की गति भी कुछ अधिक रहने से दिन के तापमान में भी विशेष बढ़ोतरी नहीं हो रही है।