सड़क पर बिखरा चूना…केशकाल घाटी में लगा लंबा जाम…

सड़क पर बिखरा चूना…केशकाल घाटी में लगा लंबा जाम…

December 1, 2022 Off By NN Express

केशकाल ,01 दिसंबर । कोंडागांव जिले के केशकाल घाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर गुरुवार सुबह लंबा जाम लग गया। दरअसल मोड़ पर एक चूना लदा ट्रेलर पलट गया, और सड़क पर चूना फ़ैल गया। इसकी वजह से आवागमन ठप्प हो गया। पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया। गुरुवार की सुबह लगभग 11 बजे रायपुर से ट्रेलर चूना लोड कर जगदलपुर की ओर जा रहा था, तभी घाट के नवें मोड़ पर ट्रेलर पलट गया। चूने की भारी भरकम बोरियां सडक़ पर गिरने से आवागमन बाधित हो गया। जिसके कारण गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।

इधर घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम पहुंची तथा क्रेन की मदद से ट्रेलर और सड़क पर गिरे सामान को किनारे करवाने की कवायद शुरू की। केशकाल घाट में जाम लगने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई, वहीं वाहनों की कतार शहरों तक पहुंच गई। घाट में जाम लगने के कारण यात्री बसों के भी लंबी लाइन लग गई व बसों में सवार यात्री घंटों परेशान होते रहे। केशकाल पुलिस ने सड़क पर फैले चूना व ट्रेलर को हटाया। पुलिस ने वनवे कर आवाजाही बहाल किया। यातायात बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।