उज्जैन पहुंचे राहुल,महाकाल का किया दुग्धाभिषेक…

उज्जैन पहुंचे राहुल,महाकाल का किया दुग्धाभिषेक…

November 30, 2022 Off By NN Express

उज्जैन,30 नवंबर  कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस समय मध्यप्रदेश से गुजर रही है।  मध्यप्रदेश में यात्रा का यह आठवां दिन है। इस दौरान राहुल गांधी मंगलवार को महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां महाकाल मंदिर में करीब 20 मिनट रुककर उन्होंने पूजा-अर्चना की। महाकाल का दूध से अभिषेक किया। राहुल ने पञ्चोपचार विधि से पूजा की। सफेद धोती, रुद्राक्ष की माला पहने राहुल ने दंडवत प्रणाम भी किया। इसके बाद आज ही उनकी एक बड़ी सभा भी होगी। पहले प्रियंका गांधी भी इस सभा में शामिल होने वाली थी I

लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। शाम साढ़े चार राहुल मंदिर प्रांगण में आए। उनके साथ कमलनाथ भी थे, लेकिन वे नंदी हाल में ही रुके रहे। राहुल गर्भगृह में गए। उन्होंने शिवलिंग पर बेलपत्र, गुलाल व अन्य पूजन सामग्री चढ़ाई। फिर दूध से अभिषेक किया। माला चढ़ाने के बाद उन्होंने नंदी की पूजा की। इसके बाद साष्टांग मुद्रा में महाकाल को प्रणाम किया। नंदी की पूजा के बाद वे गर्भगृह से बाहर निकल गए।

राहुल गांधी ने इंदौर जिले के सांवेर में सुबह छह बजे यात्रा शुरू की। उज्जैन सीमा पर जिले के नेताओं ने यात्रा की अगवानी की और इंदौर जिले के नेताओं ने राहुल से विदाई ली। यात्रा के मद्देनजर इंदौर-उज्जैन रोड का ट्रैफिक सुुबह बंद कर दिया गया था। राहुल गांधी आम लोगों से मिलते हुए चल रहे थे। हाथ हिलाकर उनका अभिवादन भी कर रहे थे। राहुल से मिलने आई एक युवती ने सड़क पर लेटकर उन्हें साष्टांग नमस्कार किया। यह देखकर राहुल भी रुक गए। उन्होंने युवती को उठाया और उसके साथ तस्वीर खिंचवाई। सांवेर सेे लेकर उज्जैन तक भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस ने मंच लगाकर रखे थे।