सुबह लोगों ने धूप का लिया मजा, रात को ठंड ने कंपकंपाया

सुबह लोगों ने धूप का लिया मजा, रात को ठंड ने कंपकंपाया

November 28, 2022 Off By NN Express

शुक्रवार की रात तेज सर्दी के बाद शनिवार को कड़ाके की ठंड पड़ी। रात सर्द रही। शुष्क और ठंडी हवा चलने से लोग कांपने लगे। रविवार की सुबह सूर्योदय के बाद लोगोें को थोड़ी राहत मिली। अधिकांश धूप तापने निकल पड़े। मौसम विभाग की मानें तो 28 नवंबर को परिस्थिति में परिवर्तन आ सकता है। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। न्यायधानी में सर्दी का प्रकोप जारी है। नवंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही ठंड ने अपना विराट रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शाम ढलते ही कंपकंपी महसूस होने लगती है। रात को कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शहर में जगह-जगह अलाव जलने लगे हैं। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यदि मौसम ऐसे ही बना रहा तो विगत 10 वर्षों का रिकार्ड टूट सकता है। साल 2014 में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस का रिकार्ड दर्ज है। रविवार की सुबह होते ही लोग धूप तापने घर के छत और आंगन में आ गए। नवंबर का आखिरी सप्ताह हमेशा की तरह अपने तेवर बनाए हुए है। मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में शुष्क और ठंडी हवा चल रही है। इसके कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

न्यायधानी में ठंड बढ़ने के साथ गर्म कपड़ों की बिक्री शुरू हो चुकी है। इसमें अब और तेजी नजर आने लगी है। तिब्बती उलन बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है। वहीं शहर के अन्य सभी कपड़ा दुकानों में भी साल, स्वेटर, मफलर और जैकेट की मांग बढ़ गई है। कुछ लोग आनलाइन भी आर्डर करने लगे हैं।