धान खरीदी प्रभारियों को मनाते रहे अफसर

धान खरीदी प्रभारियों को मनाते रहे अफसर

November 20, 2022 Off By NN Express

सक्ती,20 नवंबर I एक नवंबर से धान खरीदी के आदेश के बाद धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक का इंतजार है। अभी सही तरीके से धान की खरीदी प्रारंभ नहीं हो पाई है। इस बीच सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है, ऐसे में धान खरीदी प्रभावित होने की आशंका है। सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन जारी रही। सहकारिता विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को समझाइश देने में लगे रहे। समर्थन मूल्य पर सरकार ने 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू कर दी है, लेकिन जिले में इन दिनों खरीदी करने वाले कर्मचारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर खरीदी केंद्रों में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी शुरुआत बुधवार को हुई।

उनका आंदोलन दूसरे दिन भी चला, दो दिनों तक तालाबंदी होने के कारण उन्हें समझाने के लिए अधिकारियों ने प्रयास किया और दावा भी किया कि जल्दी ही वे कर्मचारियों को मना लेंगे, लेकिन दूसरी ओर खरीदी प्रभारी अपनी मांगों पर अड़े हैं। केवल सक्ती जिले के कर्मचारियों ने दिया है धरना: सहकारी समिति कर्मचारी संघ जिला सक्ती के कर्मचारियों ने ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कलेक्टर परिसर के सामने जेठा में प्रारंभ किया है। सक्ती जिला के अध्यक्ष एकलव्य चंद्रा के अनुसार 4 सूत्रीय मांगे जब तक पूरी नहीं होंगी तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

इन मांगों को लेकर धरना दे रहे धान खरीदी केंद्रों के प्रभारी

जैजैपुर सहकारिता विस्तार अधिकारी कैलाश कश्यप पर पदाधिकारियों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने, पिछले वर्ष के प्रोत्साहन की राशि अभी तक समितियों को नहीं मिली है उसे शीघ्र रीलिज करने, प्रासंगिक व्यय की राशि बढ़ाने एवं धान खरीदी में उठाव 72 घंटे में करने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।