पत्नी के रहते करना चाहता था दूसरी शादी, नहीं हुई तो प्रेमिका संग लगाई फांसी

पत्नी के रहते करना चाहता था दूसरी शादी, नहीं हुई तो प्रेमिका संग लगाई फांसी

November 10, 2022 Off By NN Express

भिलाई ,10 नवंबर । भिलाई में एक युवक ने पत्नी के होते हुए भी दूसरी लड़की से प्रेम किया। जब वो दोनों एक नहीं हो सके तो उन्होंने होटल के कमरे में एक साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उनके इस गलत कदम ने दो परिवारों को बिखेर कर रख दिया। एक तरफ जहां युवक के खुदकुशी करने और दुनिया में आने से पहले ही उसका बच्चा अनाथ हो गया। वहीं लड़की की मौत से उसका परिवार पूरी तरह से बिखर गया।

कोहका के शिवाजी नगर निवासी तापशी बाइन (32 साल) और कातुलबोर्ड दुर्ग निवासी अफरोज खान (25) की बुधवार सुबह होटल कृष के कमरे में एक साथ फंदे पर लटकी लाश मिली। इन दोनों का साल 2018 से प्रेम संबंध था। अफरोज शादीशुदा होते हुए भी तापशी से शादी करना चाहता था। जब दोनों एक नहीं हो सके उन्होंने मौत को गले लगा लिया।पता चला है कि तापशी अफरोज से बेइंतहां प्यार करती थी, लेकिन अफरोज ने उसे धोखा दिया।

तापशी बाइन।

अफोरज और तापशी के बीच साल 2018 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद भी उसने सविता ठाकरे से प्यार किया और 2021 में उससे शादी कर ली। ये बात जब तापशी को पता चली तो 3 अगस्त 2021 को उसके खिलाफ रेप का चार्ज लगवाया। अफरोज को जेल जाना पड़ा। जेल से छूटने के बाद अफरोज फिर से तापशी से मिलने लगा और दोनों कई बार इसी कृष होटल में एक साथ ठहर चुके हैं। तापशी उसे हर हाल में पाना चाहती थी, लेकिन शायद अफरोज दूसरे दबाव में था। इसीलिए जब दोनों एक नहीं हो सके तो उन्होंने मौत को गले लगा लिया।

अफरोज खान। - Dainik Bhaskar

अफरोज खान।

बाप बनने वाला था अफरोज 
अफरोज के भाई हीरा भारती ने बताया कि वो उसकी बड़ी मां का बेटा है। उसकी शादी एक साल पहले सविता ठाकरे से हुई। सविता गर्भ से है। पिता बनने की बात भी वह जानता था। इसके बाद भी वह दूसरी लड़की से प्रेम करता था। जबकि उस लड़की ने उसे जेल तक भेजा था।

होटल के बाहर रोते बिलखते तापशी के पिता व बहनें। - Dainik Bhaskar

होटल के बाहर रोते बिलखते तापशी के पिता व बहनें।

तापशी के घर वाले तैयार थे शादी के लिए 


तापशी के पिता आनंद मोहन बाइन यूको बैंक से रिटायर्ड बैंक मैनेजर हैं। तापशी प्राइवेट जॉब करती थी। वो अफरोज से बहुत प्यार करती थी। अफरोज के शादीशुदा होने के बाद भी वह उससे विवाद के लिए तैयार थी। तापशी की बहन ने बताया कि पहले तो उन्होंने शादी के लिए इनकार किया, लेकिन तापशी की जिद देखकर वो लोग राजी हो गए थे। उन्होंने कहा कि वो अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी सकती है। यदि अफरोज और वो शादी करना ही चाहते हैं तो वो तैयार हैं।


तापशी की बहन भी कर चुकी है खुदकुशी 


आनंद मोहन बाइन की 5 बेटियां थीं। इसमें तापशी और सुप्ता बाइन सबसे छोटी और जुड़वा बहनें थी। उनकी पत्नी फूल माला बाइन की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। मां की मौत के गम में सुप्ता ने 6 माह पहले ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घर वाले तापशी को सुप्ता की जेरॉक्स कॉपी मानते थे, लेकिन उसने भी गलत कदम उठाया और अब इस दुनिया में नहीं है। गुरुवार को ओडिशा से रिश्तेदारों के आने के बाद तापशी का पीएम होगा और उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।