यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुलेरो पलटी, मासूम बच्ची सहित चार की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुलेरो पलटी, मासूम बच्ची सहित चार की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

November 5, 2022 Off By NN Express

मथुरा, 05 नवम्बर । नोएडा से दुल्हन लेकर लौट रही बरातियों से भरी बुलेरो गाड़ी बीती रात थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 87 के समीप हादसे का शिकार हो गई। दरअसल आगे चल रही कार का पहिया निकल गया, इसके चक्कर में पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित हो गई। बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में दूल्हे के पिता और जीजा समेत तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उपचार के दौरान छह वर्षीय बालिका की शनिवार सुबह मौत हो गई। फिलहाल दूल्हा-दुल्हन समेत चार का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

वहीं मासूम सहित चार लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जाहिर किया है। गौरतलब हो कि राया थाना क्षेत्र के गांव जलसिंहगढ़ी निवासी चंद्रपाल सिंह के बेटे श्याम सुंदर की बारात शुक्रवार को नोएडा गई थी। दिन में शादी की रस्में हुईं। रात में दुल्हन विदा कराकर बराती बुलेरो से गांव लौट रहे थे। रात करीब दस बजे सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 87 पर आगे चल रही कार का पहिया अचानक सड़क पर निकल आया, इससे बचने को पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई।

घटना में दूल्हे श्याम सुंदर के 65 वर्षीय पिता चंद्रपाल सिंह, जीजा विशंभर सिंह निवासी गौड़ा अलीगढ़ और शादी के मध्यस्थ राया के भैंसारा निवासी हरेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि छह वर्षीय राखी चार वर्षीय प्रियांशी 23 वर्षीय दुल्हन प्रेमवती तथा दुल्हा श्यामसुंदर सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची सुरीर पुलिस टीम ने सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां उपचार के दौरान शनिवार तड़के छह वर्षीय राखी ने दमतोड़ दिया। जबकि दुल्हा-दुल्हन और एक बच्ची का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि बोलेरो सवार सभी नोएडा से राया की ओर शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे। देर रात 10 बजे यह हादसा हुआ है। बोलेरो में करीब आठ लोग सवार रहे थे। क्रेन से दोनों वाहनों को हटवाकर मार्ग सुचारू कराया गया। दूसरी कार के लोग सुरक्षित हैं।

चार की मौत पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया गहरा दुख

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।