बिलासपुर : पागल कुत्ते का आतंक, 8 बच्चों को काटा, 3 गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर : पागल कुत्ते का आतंक, 8 बच्चों को काटा, 3 गंभीर रूप से घायल

September 7, 2024 Off By NN Express

बिलासपुर,07 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पागल कुत्ते ने पिछले 48 घंटे में 8 बच्चों को काटा, जिनमें से 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने कुत्ते को पकड़ लिया है।पागल कुत्ते ने देवरीखुर्द के वार्ड-43 के सफेद खदान क्षेत्र में गुरुवार को अपना आतंक मचाना शुरू किया। कुत्ते ने एक-एक कर 6 बच्चों को बुरी तरह से काट लिया, जिनमें से एक बच्चे का चेहरा, सिर, कुछ बच्चों के पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। तीन बच्चों को सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इसके बाद कुत्ता देवरीखुर्द के वार्ड क्रमांक-42 के सतबहनिया दाई मंदिर के पास पहुंच गया, जहां उसने शुक्रवार की सुबह एक और बच्चे को काट लिया।

घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने वार्ड पार्षद लक्ष्मी यादव को सूचित किया, जिन्होंने तत्काल नगर निगम आयुक्त अमित कुमार को इसकी जानकारी दी। आयुक्त ने तत्काल पागल कुत्ते को पकड़ने के निर्देश दिए।

नगर निगम की टीम ने शुक्रवार की दोपहर सतबहनिया मंदिर के पास पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया। शहर में 8,000 से अधिक आवारा कुत्ते हैं, जो लगातार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पार्षद लक्ष्मी यादव ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है, आए दिन कुत्ते के काटने के मामले सामने आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कुत्ते को जल्दी नहीं पकड़ा जाता तो और भी बच्चों को पागल कुत्ता नुकसान पहुंचा सकता था। शहर के निवासियों ने आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम से कार्रवाई करने की मांग की है।