लखनऊ-पटना वंदे भारत ट्रेन पर भारी पथराव

लखनऊ-पटना वंदे भारत ट्रेन पर भारी पथराव

September 5, 2024 Off By NN Express

लखनऊ।  देश के विभिन्न स्थानों पर शरारती तत्वों ट्रेनों के साथ गलत हरकतों को अंजाम दिया जा रहा है। बीते 24 घंटे में 2 वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की घटना सामने आई है। पहली घटना बुधवार की रात हुई जब लखनऊ पटना वंदे भारत पर पथराव हुआ। वहीं, दूसरी घटना गुरुवार की सुबह सामने आई जब रांची से पटना जा रही वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंके गए हैं। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में। 

बुधवार की रात लखनऊ से पटना जाने वाली वंदे भारत ट्रेन पर शरारती तत्वों द्वारा भारी पथराव किया गया है। पथराव से ट्रेन के सी-5 कोच के शीशे टूट गए हैं। जानकारी के मुताबिक, ये घटना वाराणसी स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद की है। घटना में किसी यात्री के चोटिल की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में केस रजिस्टर कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। रेलवे भी मामले की जांच कर रहा है। 

रांची से पटना जा रही वंदे भारत

दूसरी ओर झारखंड के हजारीबाग में रांची से पटना जा रही वंदे भारत ट्रेन पर भी गुरुवार की सुबह पथराव की घटना हुई। रेलवे ने बताया है कि 24 घंटे के भीतर दो वन्दे भारत ट्रेनों पर एक जैसा हमला हुआ। रांची से पटना जा रही वंदे भारत ट्रेन नंबर 22350 के बोगी नंबर E 1 पर पथराव हुआ है। इसमें पांच और छह नंबर सीट के पास के शीशे टूट गए। ये घटना हजारीबाग के चरही एवं बेस रेलवे स्टेशन के बीच घटी है। 

जानकारी के मुताबिक, इस पथराव में खिड़की के शीशे बुरी तरह से चकनाचूर हो गए हैं। इस घटना में ट्रेन में बैठे किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के जरिए असामाजिक तत्वों की पहचान की कोशिश हो रही है। RPF ने मामले में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।