कलेक्टर ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का किया निरीक्षण, मेस में भोजन कर भोजन की गुणवत्ता को परखा

कलेक्टर ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का किया निरीक्षण, मेस में भोजन कर भोजन की गुणवत्ता को परखा

August 30, 2024 Off By NN Express

बालोद। कलेक्टर व जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंध समिति दुधली के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली में नवोदय विद्यालय के प्रबंध समिति की बैठक ली। बैठक में चन्द्रवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली के शैक्षणिक क्रियाकलाप, प्रवेश की प्रक्रिया, विद्यालय परिसर में चल रहे अधोसंरचना से जुड़े कार्य, विद्यार्थियों के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपलब्ध कराई जा रही सुविधा आदि के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। 

इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगतिरत निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए इसके लिए जिले के विद्यार्थियों की पंजीयन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बैठक में उपस्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु जिले के विद्यार्थियों के अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित कराने हेतु पालकों एवं विद्यार्थियों में इसका समुचित प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। जिससे कि जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षा में जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थी शामिल हो सके। बैठक में चन्द्रवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों का विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने विद्यालय के बच्चों का राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी, खेल और अन्य गतिविधियों में भागीदारी के संबंध में जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों का इन सभी गतिविधियों में समुचित भागदीरी सुनिश्चित कराने को कहा। कलेक्टर चन्द्रवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय में पेयजल एवं दैनिक उपयोग के अन्य कार्यों के लिए पानी की समुचित उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम शिवनाथ बघेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं पालकों के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इसके अंतर्गत उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय के शैक्षणिक परिसर में भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान लैब, कम्प्यूटर कक्ष, स्मार्ट क्लास रूम, संगीत अध्ययन शाला आदि के अलावा कक्षा 12वीं विज्ञान, कक्षा 10वीं एवं 9वीं कक्षाओं में पहुँचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। चन्द्रवाल ने विद्यालय के संगीत अभ्यास रूम में पहुँचकर संगीत शिक्षा के अध्ययन-अध्यापन के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय के संगीत शिक्षकों के द्वारा कलेक्टर एवं अधिकारियों के समक्ष भरतनाट्यम विधा की सुमधुर प्रस्तुती दी गई। कलेक्टर ने जवाहर नवोदय विद्यालय के मेस रूम में पहुँचकर विद्यार्थियों के भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं रखरखाव आदि की व्यवस्था का जायजा लिया। 

इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने भोजन कक्ष में अधिकारियों के साथ भोजन कर विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली भोजन की गुणवत्ता परख कर भोजन व्यवस्था की सराहना की। जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में कलेक्टर चन्द्रवाल एवं एसडीएम शिवनाथ बघेल ने ’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों के द्वारा अतिथियों के स्वागत में सुमधुर गीत की भी प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य साधना अनुपम दलेला, उप प्राचार्य एनपी नामदेव सहित, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के अलावा पालक प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिका एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।