कुख्यात नक्सली विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी गिरफ्तार, दो राज्यों ने रखा था इनाम

कुख्यात नक्सली विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी गिरफ्तार, दो राज्यों ने रखा था इनाम

August 29, 2024 Off By NN Express

बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात नक्सली लीडर विकास ऊर्फ सैनू मुंशी जेट्टी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस नक्सली लीडर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 8 लाख और महाराष्ट्र सरकार ने 16 लाख का इनाम घोषित किया था, जिससे कुल 24 लाख का इनामी घोषित था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास ऊर्फ सैनू जेट्टी नक्सलियों के दक्षिण गढ़चिरौली डिवीजन के अहेरी दलम के DVCM के पद पर रहते हुए माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था। वह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, और तेलंगाना में नक्सली घटनाओं को अंजाम देने में शामिल था।

तीन राज्यों में था सक्रिय
पुलिस के अनुसार, विकास ऊर्फ सैनू जेट्टी विभिन्न राज्यों में माओवादी गतिविधियों को अंजाम देकर दूसरे राज्य में छिप जाता था, जिससे सुरक्षा बलों के लिए उसे पकड़ना मुश्किल हो जाता था। उसकी गतिविधियां महाराष्ट्र, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के माओवादी कमांडरों के साथ समन्वय में थीं। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली अहेरी दलम के DVCM होने के नाते, छत्तीसगढ़ के सरहदी नेशनल पार्क एरिया कमेटी के लीडर द्वारा उसे इलाज में सहायता प्रदान की जा रही थी।

इलाज के दौरान गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि विकास ऊर्फ सैनू जेट्टी को इलाज के लिए ले जाते समय फरसेगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद माओवादी साहित्य, पाम्फलेट, नोटबुक, माओवादी वर्दी, नकद 80 हजार रुपये, और दवाइयां भी बरामद की गईं। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 25 से अधिक और बीजापुर में 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस गिरफ्तारी को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि यह नक्सली लीडर पिछले कई वर्षों से तीन राज्यों में आतंक फैलाने के लिए जिम्मेदार था।