बीजेपी नेता की हत्या का प्रयास छत्तीसगढ़ में गन लोड कर घर में घुसा जवान बोला- इतना VIP है क्या ?

बीजेपी नेता की हत्या का प्रयास छत्तीसगढ़ में गन लोड कर घर में घुसा जवान बोला- इतना VIP है क्या ?

August 18, 2024 Off By NN Express

बीजापुर,18 अगस्त । भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान को जान से मारने की कोशिश की गई। उनकी ही सुरक्षा में तैनात एक जवान ने गन लोड कर फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि, दूसरे जवान ने उससे गन छीन ली। मामला भोपालपटनम थाना इलाके का है। नशे में धुत जवान का बात करते और गन लोड करते वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में वह गालियां देते हुए कह रहा है कि, कौन है ये नेता इतना VIP बनता है। इस मामले में भाजपा नेता बिलाल खान ने दैनिक भास्कर को बताया कि, उन्हें नक्सलियों से खतरा है। इसलिए भाजपा सरकार जब से आई है उनकी सुरक्षा के लिए 2 जवानों को तैनात किया गया है।

बिलाल खान ने बताया कि, वे 24 घंटे सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड के साथ ही रहते हैं। एक जवान की ड्यूटी काफी समय पहले लगी थी, उसे आज हटाया गया है। उसकी जगह पर दूसरे जवान नागेश टिंगे को भेजा गया है। हालांकि वे उन्हें नहीं जानते थे। शनिवार दोपहर वे अपने घर में सो रहे थे। घर पर परिवार का अन्य कोई सदस्य नहीं था। दोनों जवान घर के बाहर बैठे थे। नागेश शराब के नशे में था, उसने बाहर गाली-गलौज की। गन कॉक (लोड) कर घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया।

इस दौरान उसने गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि दूसरे जवान ने उसे रोका और उसके हाथों से गन ले ली गई। बिलाल का कहना है कि इस बात की जानकारी पुलिस अफसरों को दी गई है। जवान ने क्यों मारने की कोशिश की, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। करीब 1 मिनट 47 सेकेंड के इस वीडियो में जवान पहले घर के बाहर कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है। फिर अचानक से कुर्सी से उठकर गालियां देने लगता है। पास में मौजूद दूसरा जवान से वह कह रहा है कि बिलाल खान को बाहर बुलाओ। कौन है नेता इतना VIP हो गया है। आज उसे मैं बताता हूं, गोली मार दूंगा।पुलिस की तरफ से जारी किए गए प्रेस नोट में कहा गया है कि, आरक्षक नागेश टिंगे ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में मिला था। उसे तत्काल सस्पेंड किया गया है। इस मामले की जांच के लिए भोपालपटनम के SDOP मयंक रणसिंह को प्रारंभिक जांचकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है।