जिले में धान खरीदी महाअभियान की हुई शुरुआत

जिले में धान खरीदी महाअभियान की हुई शुरुआत

November 1, 2022 Off By NN Express

रायगढ़, 1 नवम्बर I आज 01 नवंबर से रायगढ़ जिले में धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। आज कोड़ातराई के धान खरीदी केन्द्र में विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक ने धान की तौलाई करा कर खरीदी का शुभारंभ किया। यहां किसान पद्मावती पटेल से 20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इस अवसर पर उन्होंने सभी किसानों को धान खरीदी की शुरुआत की बधाई देते हुए कहा कि आज राज्य स्थापना दिवस के मौके पर धान खरीदी की शुरुआत का निर्णय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है। समर्थन मूल्य पर धान व दूसरी फसलों की खरीदी के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से आदान सहायता किसानों को प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मोबाइल एप ‘टोकन तुंहर हाथ’ भी शासन द्वारा लांच किया गया है। जिससे किसान घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन कटवा सकते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल ने सभी किसानों को धान खरीदी प्रारंभ होने की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्णय के अनुसार इस वर्ष 1 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत हो रही है।

शासन की योजनाओं से आज राज्य के किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा ने कहा कि प्रशासन के धान खरीदी से संबंधित सभी विभागों के समन्वय से खरीदी का कार्य किया जाएगा। इसके लिए विभागों को सभी जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं तथा मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे सुचारू रूप से धान खरीदी का कार्य हो।


जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल एवं सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा ने चपले धान उपार्जन केन्द्र में धान की तौलाई कर खरीदी की औपचारिक शुरुआत करवाई। यहां किसान श्री लखन लाल से 18.20 क्विंटल और ईश्वरी प्रसाद से 19 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इस अवसर पर उप पंजीयक सहकारिता सी.एस.जायसवाल, खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह, डीएमओ नान प्रवीण पैंकरा, अपेक्स बैंक नोडल सुनील सोढ़ी उपस्थित रहे। पहले दिन कोड़ातराई में और चपले के साथ ही, लोइंग, कुडुमकेला, कापू और छाल में किसानों ने धान खरीदी के लिए टोकन कटवाए हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गयी है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले में  77 हजार 185 किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन हुआ है, जिसमें 3661 नये किसान है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 95 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप खरीफ  विपणन वर्ष 2022-23 के लिए एक नवम्बर 2022 से धान खरीदी शुरू हो गयी है।

किसानों को धान बेचने में किसी भी तरह की दिक्कत न आए, इसको लेकर सभी केन्द्रों में बेहतर प्रबंध किए जाने के साथ ही व्यवस्था पर मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। धान खरीदी के लिए सभी समितियों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।


कापू में किसान ने मोबाइल एप से कटवाया ऑनलाइन टोकन


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर अब समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को धान विक्रय के लिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। जिसका लाभ लेते हुए अब किसान घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन कटवा प्राप्त कर पा रहे हैं। जिले के कापू से दीपिका शर्मा ने 01 नवंबर को धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन कटवाया है। मालूम हो कि धान विक्रय हेतु टोकन जारी करने की प्रक्रिया के सरलीकरण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के उद्देश्य से एन.आई.सी.द्वारा एन्ड्रॉयड एप ‘टोकन तुंहर हाथ’ विकसित किया गया है। जिसका लाभ लेकर किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन कटवा सकते हैं।