छत्तीसगढ़: कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री ने जामुन का तो स्वास्थ्य मंत्री ने लगाया आम का पौधा

छत्तीसगढ़: कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री ने जामुन का तो स्वास्थ्य मंत्री ने लगाया आम का पौधा

July 21, 2024 Off By NN Express

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर । एक दिवसीय प्रवास पर रविवार को एमसीबी जिला पहुंचे आदिवासी विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग एवं जिला प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम और लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, बैकुण्ठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह भी उपस्थित रहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया था। इसी कड़ी में, राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 11 जुलाई 2024 को अटल नगर नवा रायपुर स्थित जैव विविधता पार्क में इस अभियान की शुरुआत की थी।

आज के कार्यक्रम में, कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने जामुन का पौधा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आम का पौधा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने अमरूद का पौधा, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने करंज का पौधा, और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह ने नीम का पौधा लगाया। इसके अलावा, कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने भी नीम का पौधा, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कर्म का पौधा, और वनमण्डलाधिकारी मनीष कश्यप ने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने एवं सतत विकास की दिशा में सभी ने अपने योगदान की प्रतिबद्धता जताई। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित भी करता है।